गहरी खाई में गिरी मारूती कार, एक की दर्दनाक मौत

Monday, Jan 29, 2018 - 03:24 PM (IST)

सिरमौर (गोपाल): सिरमौर के राजगढ़ में एक मारूति कार के गहरी खाई में गिरने का मामला सामने आया है। जहां हादसे में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल को उपचार के लिए सोलन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 


जानकारी के अनुसार रविवार शाम राजगढ़ के उलख के समीप एक मारूति कार (एचपी16-3400) धामला की ओर से उलख कतोगा जा रही थी और अचानक वह स्किड होकर 60 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में टपरोली के कतोगा निवासी 42 वर्षीय देवराज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, उलख गांव का रहने वाला पृथ्वी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। 


उधर, हादसे की सूचना मिलते ही राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ लाया। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसको परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है।