पुलिस की आंखों के सामने ब्यास नदी में समाई कार, 300 मीटर दूर मिला एक शव

Sunday, Jul 23, 2017 - 08:20 PM (IST)

कुल्लू: कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर स्थित बाशिंग में एक कार ब्यास नदी में समा गई। कार में कितने लोग सवार थे इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है लेकिन एक शव दुर्घटना स्थल से करीब 300 मीटर दूर बरामद कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार उक्त दुर्घटना दोपहर के समय हुई जब आई10 कार (एच.पी. 66-1919) कुल्लू से मनाली की तरफ  जा रही थी। कार जब बाशिंग स्थित महादेवी तीर्थ के समीप पहुंची तो 2 पैरापिटों के बीच से होते हुए ब्यास नदी में गिर गई।



जिस जगह पर हादसा हुआ उसी जगह पुलिस भी मौजूद थी। पुलिस कर्मियों ने भाग कर पानी में बह रहे लोगों का पीछा किया लेकिन पानी के तेज बहाव में देखते ही देखते 2 व्यक्ति बह गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अशोक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और पानी में बह जाने वाले लोगों की तलाश शुरू कर दी।



नदी के मध्य फंसा हुआ था एक शव
पुलिस को कुछ ही देर बाद सूचना मिली कि जवानी रोपा के समीप नदी के मध्य एक शव फंसा हुआ है। पुलिस द्वारा शव को निकालने के लिए राफ्ट की मदद ली गई। कड़ी मशक्कत केबाद शव को नदी से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार वेद प्रकाश शर्मा भी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्यों का जायजा लिया।



ए.एस.पी. निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने मृतक कृष्ण चंद (36) पुत्र फागनु राम निवासी डोहलु नाला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। कार में कितने लोग सवार थे इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।