दर्दनाक हादसा : काजा जा रही गाड़ी खाई में गिरी, 2 की मौत

Monday, May 28, 2018 - 01:36 AM (IST)

रिकांगपिओ: जिला किन्नौर थाना क्षेत्र पूह के अंतर्गत शलखर नामक स्थान पर रविवार को एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से 2 व्यक्तियों की मौत हो गई। इस हादसे में मौत का ग्रास बने दोनों व्यक्ति अनूप चंदेल तथा कमलेश्वर सिंह ठियोग जिला शिमला के बताए जा रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त दोनों वाहन टाटा जैस्ट (एच.पी. 63ए-2594) में काजा जा रहे थे। इस दौरान शलखर नामक स्थान पर अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क मार्ग से काफी नीचे गिर गया। वाहन के सड़क मार्ग से नीचे गिरने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे वाहन में सवार कमलेश्वर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अनूप चंदेल गंभीर रूप से घायल हो गया। 


घायल ने उपचार के दौरान तोड़ दम
हादसे के बारे में जब स्थानीय लोगों को पता चला तो वे घटना स्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस थाना पूह में दी तथा राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों द्वारा गंभीर रूप से घायल अनूप चंदेल को उपचार के लिए पी.एच.सी. चांगों ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही ए.डी.एम. पूह शिव मोहन व थाना प्रभारी पूह ज्ञान चंद पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे तथा मामले की छानबीन की। वहीं दुर्घटना के कारणों को अभी तक पता नहीं चल पाया है तथा पुलिस द्वारा मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। 

Vijay