200 फुट खाई में गिरी कार, परिजनों ने ऐसे ढूंढ निकाला घायल चालक

punjabkesari.in Sunday, Sep 09, 2018 - 07:38 PM (IST)

गगरेट: गगरेट-होशियारपुर सड़क मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप करीब 200 फुट गहरी खाई में गिरी एक कार के चालक को करीब 24 घंटे बाद जी.पी.एस. के जरिये खाई से ढूंढ निकाला गया। कार चालक बुरी तरह से जख्मी था। उसे सिविल अस्पताल गगरेट उपचार के लिए लाया गया, जहां से उसे परिजन उपचार के लिए जालंधर ले गए। जानकारी के अनुसार जालंधर के गुरु नानकपुरा का मनदीप सिंह पुत्र सतनाम सिंह किसी काम के सिलसिले में शनिवार को कार से पालमपुर गया था। शनिवार रात्रि वह काम निपटाकर वापस जालंधर जा रहा था तो हनुमान मंदिर के पास सड़क पर अचानक बेसहारा पशु आ जाने के चलते कार करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी।

घायल होने के बाद खाई में ही पड़ा रहा चालक
हादसे के बादर मनदीप किसी तरह से कार से बाहर तो निकल आया लेकिन चोटिल होने के कारण वह खाई से बाहर नहीं आ पाया और खाई में ही पड़ा रहा। रात 2 बजे के बाद जब परिजनों का संपर्क मनदीप से टूट गया तो रविवार सुबह उसकी तलाश में उसके परिजन निकल पड़े। बताया जा रहा है कि मनदीप की कार में जी.पी.एस. सिस्टम लगा हुआ था और परिजन उसकी मदद से घटनास्थल तक पहुंच गए। यहां आकर उन्होंने यातायात पुलिस गगरेट से संपर्क किया। इस पर हैड कांस्टेबल संजीव कुमार व अन्य पुलिस जवानों ने भी जब घटनास्थल पर पहुंचकर तहकीकात की तो एक स्थान पर खाई के समीप टायर के निशान मिले।

खाई में उतरकर देखा तो पलटी हुई कार
इस पर जब खाई में उतरकर देखा तो कार पलटी हुई थी और कुछ ही दूरी पर मनदीप बेसुध पड़ा हुआ था। हालांकि मनदीप की सांसें चल रहीं थीं। इस पर तुरंत उसे स्ट्रेचर में डालकर कुछ लोगों की मदद से खाई से बाहर निकाला गया और सिविल अस्पताल गगरेट पहुंचाया गया। यहां से परिजन उसे उपचार के लिए जालंधर ले गए हैं। यातायात पुलिस प्रभारी हैड कांस्टेबल संजीव ठाकुर ने बताया कि जी.पी.एस. की मदद से ही मनदीप तक पहुंचने में सफलता मिली है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News