पैरापिट को तोड़ते हुए 300 फुट खाई में जा गिरी टैक्सी, 6 घायल

Saturday, Jun 08, 2019 - 11:43 PM (IST)

ककीरा: शनिवार शाम को डल्हौजी से जम्मू जा रही एक टैक्सी चम्बा-पठानकोट एन.एच. के जंद्राह नामक स्थान पर अनियन्त्रित होकर सड़क किनारे लगे पैरापिट को तोड़ते हुए सड़क से करीब 300 फुट नीचे जा गिरी। इस घटना में गाड़ी में सवार सभी 6 लोग घायल हो गए लेकिन राहत की बात यह रही कि इसमें किसी प्रकार के जानमाल का नुक्सान नहीं हुआ। सभी घायलों को उपचार के लिए निजी वाहनों के माध्यम से पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से हरिगिरी अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कर लिया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर टैक्सी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार व लापरवाही से हुआ हादसा

प्रथम दृष्टि में यह मामला तेज रफ्तार व लापरवाही के साथ वाहन चलाने वाला पाया गया। जानकारी के अनुसार भोपाल से आशीष सौलंकी अपनी पत्नी चंदा सौलंकी, शारदा देवी, बेटी आरूषि व बेटे आशू के साथ पठानकोट से टैक्सी लेकर धर्मशाला गए, वहां दो दिन रुकने के बाद शुक्रवार को डल्हौजी पहुंचे। वहां एक दिन रुकने के बाद शनिवार को वह वैष्णो माता के दर्शन करने के लिए जम्मू को निकले। उनकी गाड़ी जब जंद्राह नामक स्थान पर पहुंची तो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पैरापिट से जा टकराई। गाड़ी की रफ्तार इतनी अधिक थी कि वह पैरापिट को तोड़ कर सड़क से करीब 300 फुट नीचे जा गिरी।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाए घायल

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया तो साथ ही वे घायलों को सड़क पर पहुंचाने में जुट गए। बकलोह पुलिस चौकी प्रभारी एस.आई. मनजीत सिंह भी सूचना मिलने पर अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को हरिगिरी अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती कर लिया गया। पुलिस ने टैक्सी चालक नवदीप जोकि गुरदासपुर का रहने वाला है, के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वह भी इस दुर्घटना में घायल हुआ है, जो हरिगिरी अस्पताल में उपचाराधीन है।

Vijay