कैप्टन अमित सिंह चौहान ने माऊंट एवरैस्ट की चोटी पर फहराया तिरंगा

Sunday, May 26, 2019 - 08:33 PM (IST)

हमीरपुर: टौणी देवी क्षेत्र के जंडल गांव के कै. अमित सिंह चौहान ने माऊंट एवरैस्ट की चोटी फतेह कर वहां भारतीय झंडा फहराया है। कै. अमित की इस उपलब्धि के लिए जहां पूरा परिवार खुश है, वहीं जंडल गांव में भी खुशी का माहौल है। कै. अमित सिंह चौहान 7 पैरा कमांडो में कार्यरत हैं। कै. अमित माऊंट एवरैस्ट की चोटी को फतेह करने के लिए 19 मई को अपने एक दल के साथ काठमांडू (नेपाल) से रवाना हुए थे।

इसके बाद 8848 मीटर ऊंची माऊंट एवरैस्ट की चोटी को कै. अमित ने 23 मई को सुबह 5.15 पर फतेह किया। कै. अमित के पिता सूबेदार मेजर रणजीत सिंह ने बताया कि बेटे की इस उपलब्धि पर उन्हें गर्व है तथा भारतीय सेना में रहकर बेटे ने माऊंट एवरैस्ट की चोटी पर तिरंगा झंडा फहराया है जोकि बड़े ही गर्व की बात है।

Vijay