कैंटर यूनियन विवाद मामला : परवाणु में फायरिंग, माहौल तनावपूर्ण (Pics)

Saturday, Jan 12, 2019 - 07:15 PM (IST)

सोलन (अमित): हिमाचल प्रदेश के प्रवेश द्वार पर स्थित परवाणु में एक बार फिर स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। यहां पर कैंटर यूनियन में फिर विवाद हुआ। एक पक्ष का आरोप है कि उनके ऊपर फायरिंग भी की गई। पुलिस ने घटना के बाद कैंटर यूनियन के पास पुलिस तैनात कर दी है। घटना की सूचना मिलने के बाद डी.एस.पी. अमित ठाकुर दलबल सहित मौके पर पहुंच गए हैं। इसके अलावा एस.डी.एम. रोहित राठौर भी मौके पर पहुंच कर विवाद सुलझाने में जुटे है। वहीं घटना के बाद कैंटर यूनियन पर महिलाएं भी एकत्रित हुईं और उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने को लेकर नारेबाजी की।

एक पक्ष ने लगाया ये आरोप

पुलिस ने पूरी घटना पर 2 मामले दर्ज किए हैं। पुलिस में सुखविंदर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह प्रमोद शर्मा की गाड़ी चलाता है। जब वह सुबह सैक्टर 3 परवाणू सहकारी सभा के कार्यालय के आंगन में धूप सेंक रहा था तो इसी दौरान एक वाहन में दीपू और उसके 3 अन्य साथी आए और उसके ऊपर तलवार से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में काफी चोट लगी है, साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत में कहा गया है कि जाते समय इन लोगों ने 2-3 फायर भी किए, जिनमें वह बाल बाल बच गए।

दूसरे पक्ष का क्या है आरोप

वहीं दूसरी ओर प्रदीप कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि जब वह अपने दोस्तों के साथ अपने ससुर के कार्यालय जो शीतला माता मंदिर परवाणु के पास स्थित है वहां जा रहा था। जब वे कार्यालय की सीढिय़ां चढ़ रहे थे तो उसी समय प्रमोद शर्मा, कालू, रूबल व पिंकू ने उन पर हमला कर दिया। पिंकू ने कट्टा भी निकाला और रॉड निकाल कर उन पर हमला किया। हमले में उन्हें चोटें आई हैं। पुलिस ने इन शिकायतों पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर इस घटना के विरोध में महिलाओं ने देर शाम नारेबाजी भी की। कुल मिलाकर परवाणु में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

Vijay