गुजरात से मनाली जा रहा कैंटर 500 फुट खाई में गिरा, चालक गंभीर हालत में PGI रैफर

Friday, Mar 22, 2019 - 03:54 PM (IST)

बिलासपुर: राष्ट्रीय उच्च मार्ग-205 चंडीगढ़-मनाली पर स्वारघाट के पंजपीरी स्थान पर सामने से ओवरटेक कर रही कार को बचाने के प्रयास में एक कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 500 फुट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयंकर था कि कैंटर का कैबिन और पिछला हिस्सा अलग-थलग हो गया। इस हादसे में कैंटर चालक धर्मेन्द्र कुमार (40) निवासी गुजरात कैंटर के अंदर फंस गया, जिसे पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद निकाला और पी.एच.सी. स्वारघाट में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया। हादसे में चालक के सिर पर गम्भीर चोटें लगी हैं।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को चालक की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बिलासपुर से पी.जी.आई. चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। बता दें कि कैंटर गुजरात से मनाली जा रहा था जोकि मनाली में बनाए जा रहे किसी मिनरल वाटर प्लांट के लिए 14 एस.एस. स्टील की टंकिया ले कर जा रहा था। टंकियों की कीमत करीब 30 लाख बताई जा रही है। मामले की पुष्टि डी.एस.पी. नयनादेवी संजय शर्मा ने की है।

Vijay