ज्वाली में नरभक्षी तेंदुए का आतंक, बरामदे में सो रही महिला को मार डाला

Wednesday, Aug 10, 2022 - 08:53 PM (IST)

ज्वाली (ब्यूरो) : कांगड़ा जिले के तहत ज्वाली के गांव बग्गा में नरभक्षी तेंदुए ने मंगलवार रात 11 बजे घर के बरामदे में अकेली सो रही बुजुर्ग महिला को हमला कर लहूलुहान कर दिया। टांडा अस्पताल ले जाते समय महिला की बीच रास्ते में मौत हो गई। महिला की पहचान की आयोध्या बीबी (60) के रूप में हुई है। वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। लोगों का कहना है कि रात 10 बजे तेंदुुआ करीब एक किलोमीटर दूर गांव कुठेड़ में पैट्रोल पंप के पास दिखा था।

जानकारी के अनुसार जिस समय घटना हुई तब महिला का बेटा पास के खेतों में पहरा दे रहा था जबकि उसका पति फंगो दीन नए मकान में सोया हुआ था व बहू अंदर कमरे में सोई थी। तेंदुए ने अपने पंजों से महिला के मुंह पर वार कर उसे बुरी तरह लहुलुहान कर दिया। इतने में आवाज सुनकर बाहर निकली बहू अपनी सास को लहूलुहान देखकर चिल्लाने लगी। इसके बाद तेंदुआ वहां से भाग गया। इसके बाद घर वालों ने पंचायत प्रधान को घटना की सूचना दी।

इसके बाद परिजन पहले महिला को शाहपुर अस्पताल ले गए, जहां से उसे डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद मेडिकल काॅलेज टांडा रैफर कर दिया गया लेकिन महिला ने रास्ते में दम तोड़ दिया। टांडा पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसपी नूरपुर सुरिंदर शर्मा ने कहा कि महिला तेंदुए के हमले से हुई है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इसका पता चलेगा। पुलिस ने इस संदर्भ में केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि फोरैंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay