विधायक राजेंद्र राणा को ‍''आया राम गया राम'' कहना सभ्य आचरण में नहीं : कांग्रेस

punjabkesari.in Tuesday, Aug 24, 2021 - 09:22 PM (IST)

सुजानपुर (ब्यूरो): सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा पिछले कई वर्षों से कांग्रेस पार्टी के अभिन्न अंग हैं। उनके बारे में बेबुनियाद भ्रांतियां फैलाना कांग्रेस के विरोधी दलों की हताशा को जाहिर करता है। राजनीतिक क्षेत्रों में उनकी बढ़ती हुई लोकप्रियता को उनके विरोधी पचा नहीं पा रहे हैं। इस कारण वे हल्की राजनीति पर उतर आए हैं। यह वक्तव्य जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के अध्यक्ष राजेंद्र जार ने अपने सहयोगी जिला कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त बयान में दिया। जिलाध्यक्ष के साथ वरिष्ठ उपाध्यक्ष तेज नाथ तेज एवं अन्य उपाध्यक्षों क्रमशः सुदर्शन शर्मा, जुगल किशोर ठाकुर, सुरजीत सिंह, लेखराज ठाकुर, कैप्टन चमेल सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अंशुल शर्मा और जिला महासचिव डॉ. रतन डोगरा, जगजीत ठाकुर, राजकुमार शर्मा, मनोज ठाकुर, योगेंद्र ठाकुर, सोशल मीडिया अध्यक्ष अखिलेश चौधरी भी शामिल रहे।

इन नेताओं के अनुसार कि उनके विरोधी दलों द्वारा राजेंद्र राणा को आया राम गया राम कहकर परिभाषित करने वाली शब्दावली किसी भी सभ्य आचरण में नहीं आता है। राजेंद्र राणा बड़ी ही सक्रियता से जिला कांग्रेस के हर कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित कर पार्टी की मजबूती के लिए लगातार कार्यरत है। वे न केवल सिर्फ जिला कांग्रेस के लिए बल्कि पूरे प्रदेश कांग्रेस के मजबूत स्तंभ के रूप में संगठन का कार्य कर रहे हैं। अपने क्षेत्र के लोगों में उनकी बहुत पैठ है। पिछले चुनावों में उन्होंने बड़ी जीत हासिल कर एक बड़ा कारनामा कर दिखाया था।

उपरोक्त नेताओं ने विरोधियों से कहा है कि विधायक के खिलाफ इस तरह की हल्की राजनीति छोड़ अगर उनकी कोई उपलब्धियां रही हैं तो उनके आधार पर अपनी नकारात्मक प्रवृत्ति को छोड़ सकारात्मक राजनीति करें। राजेंद्र राणा ने विधायक न होते हुए भी तत्कालीन मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के आशीर्वाद से सुजानपुर क्षेत्र में बेमिसाल विकास करवाया है। उनकी सकारात्मक सोच ही उन्हें लोकप्रिय बनाती है। उनके आचरण और व्यक्तित्व से प्रभावित होकर लोग अन्य दलों से उनके माध्यम से आकर कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं तो किसी को कोई ऐतराज नहीं होना चाहिए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News