C&V अध्यापक संघ का विभाग को अल्टीमेटम, छुट्टियां दो वरना...

Monday, Mar 19, 2018 - 09:43 AM (IST)

मंडी: राजकीय सी.एंड वी. अध्यापक संघ ने शिक्षा विभाग पर शिक्षकों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। एक तरफ विभाग उनको डी.एल.एड. करने के लिए दबाव बना रहा है, वहीं दूसरी ओर विभाग द्वारा छुट्टियों का प्रावधान न करने पर स्कूल मुखिया उन्हें बिना वेतन स्कूल में अनुपस्थिति लगा रहे हैं। 2010 के बाद नियुक्त सी. एंड वी. अध्यापक मानसिक रूप से परेशान हैं अगर वे पी.सी.पी. करते हैं तो स्कूलों में शिक्षकों के पास छुट्टियां न होने के कारण 15 दिन की अनुपस्थिति स्कूल मुखियों द्वारा लगाई जा रही है। इससे शिक्षकों की सर्विस ब्रेक होने के साथ वेतन भी कटेगा। 


संघ प्रदेशाध्यक्ष चमन लाल शर्मा ने कहा कि अगर विभाग ने 3 दिन के भीतर छुट्टियों का कोई प्रावधान नहीं किया तो शिक्षक पी.सी.पी. को अधूरी छोड़ डी.एल.एड. कोर्स का बहिष्कार करने को विवश होंगे। उन्होंने कहा कि इसकी सारी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग की होगी। शर्मा ने कहा कि छुट्टियां केवल पी.सी.पी. की ही नहीं बल्कि परीक्षा के लिए भी एक साथ अधिसूचना जारी करें। 


उन्होंने कहा कि जब सी.एंड वी. शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी तब उसमें आर.एंड पी. नियम में डी.एल.एड. करने का कोई उल्लेख नहीं था लेकिन अब विभाग द्वारा शिक्षकों को क्यों परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छठी से 8वीं कक्षा तक पढ़ाने वाले शिक्षकों को बी.एड. करने का प्रावधान होना चाहिए न कि डी.एल.एड. करने का। शर्मा ने विभाग को चेताते हुए कहा कि अगर वह 3 दिन में छुट्टियों की अधिसूचना जारी नहीं करता है तो शिक्षक पी.सी.पी. को अधूरी छोड़कर परीक्षा का भी बहिष्कार करेंगे, क्योंकि छुट्टियां न होने के कारण पी.सी.पी. व परीक्षा देना असंभव है। 

Punjab Kesari