सुसाइड नोट में ‘ये’ शब्द लिखकर फंदे पर झूली महिला

Wednesday, May 31, 2017 - 08:34 PM (IST)

चम्बा: जिला के जनजातीय उपमंडल पांगी के दायरे में आने वाली ग्राम पंचायत साहली पंचायत के गांव हिलौर की एक महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान देवदेई पत्नी बिट्टू राम निवासी गांव हिलौर के तौर पर की गई है। जानकारी के अनुसार उक्त महिला बुधवार सुबह घर के कमरे में फंदे पर लटक  गई। जब घरवालों ने उसे फंदे पर लटका हुआ देखा तो तुरंत फंदे से नीचे उतारकर सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना पांगी से टीम ने अस्पताल पहुंच कर शव को कब्जे में लिया तथा मृतका के परिजनों के बयान दर्ज करने के उपरांत शव का पोस्टमार्टम करवाया। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि किन कारणों के चलते उक्त महिला ने मौत को गले लगाया है। 

मृतका के पास से मिला सुसाइड नोट
पुलिस को दिए बयान में मृतका के ससुराल व मायका पक्ष ने मौत को लेकर किसी तरह का शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने आरंभिक जांच के आधार पर इस संदर्भ में सी.आर.पी.सी. की धारा 174 के तहत कार्रवाई अमल में लाई है। ए.एस.पी. चम्बा विरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मृतका के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले उक्त महिला अपने पति व बच्चों को छोड़ कर अन्य किसी व्यक्ति के साथ भाग गई थी। हाल ही में वह अपने घर लौटी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने थाना किलाड़ में मामले की रिपोर्ट डाल कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।