BSP ने चारों लोकसभा सीटों पर उतारे प्रत्याशी

Sunday, Apr 21, 2019 - 10:57 AM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): बसपा ने प्रदेश में चारों लोकसभा सीटों के लिए अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। बसपा के प्रदेश प्रवक्ता शैलेश दूबे ने शनिवार को यहां जारी वक्तव्य में बताया कि बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती से गहन मंत्रणा के बाद चारों प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। इनमें शिमला संसदीय क्षेत्र से विक्रम सिंह, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से डा. केहर सिंह, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से देसराज बंसल व मंडी संसदीय क्षेत्र से सीस राम को चुनाव मैदान में उतारा गया है। उन्होंने बताया कि चुनाव मैदान में उतारे गए प्रत्याशी पैराशूटी नहीं बल्कि सभी बसपा से जुड़े हुए कैडर कार्यकत्र्ता हैं। प्रदेश में प्रत्याशियों के चयन को लेकर वह बसपा अध्यक्ष मायावती से चर्चा के लिए लखनऊ गए थे और आज ही प्रत्याशियों का चयन किया गया है। 

शैलेश दूबे के मुताबिक शिमला से उतारे गए प्रत्याशी विक्रम सिंह नालागढ़ से संबंधित हैं और इनका टूर एंड ट्रैवल का कारोबार है। टिकट आबंटन से पहले वह शिमला लोकसभा चुनाव क्षेत्र के प्रभारी थे। कांगड़ा से चुनाव मैदान में कूदे डा. केहर सिंह जयसिंहपुर निवासी और बसपा के प्रदेशाध्यक्ष हैं। वह हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के पी.एच.डी. प्रोफैसर रह चुके हैं। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से उतारे गए प्रत्याशी देसराज बंसल बिलासपुर निवासी व बसपा के जिला अध्यक्ष हैं, वहीं मंडी संसदीय सीट से चुनाव प्रत्याशी घोषित किए गए सीस राम मनाली निवासी होटल व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। वह कुल्लू बसपा के जिलाध्यक्ष भी हैं।

Ekta