पहले दिन पर्यटकों से गुलजार पर्यटन स्थल मढ़ी, बर्फ के बीच उठाया लुत्फ (Video)

Monday, May 06, 2019 - 11:10 AM (IST)

कुल्लू (मनमिंदर): देशी-विदेशी सैलानियों की पहली पसंद रहने वाले रोहतांग दर्रे के पर्यटन स्थल मढ़ी में रौनक लौट आई है। सर्दियों के चलते पर्यटन स्थल मढ़ी पांच महीनों के बाद पर्यटकों के लिए खुल गया है। हालांकि रोहतांग तक पहुंचने के लिए सैलानियों को अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा, लेकिन प्रशासन ने सैलानियों को मढ़ी तक जाने की अनुमति दे दी है।


मढ़ी व ब्यासनाला में 4 फीट से अधिक बर्फ नहीं है। मढ़ी से तीन किलोमीटर दूर सागू फाल का नजारा इस बार हट के है। यहां बर्फ के बीच पहाड़ी से गिर रहा झरना सैलानियों में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। 

यहां पर्यटक घुड़सवारी का आनंद लेते हुए बर्फ का दीदार कर रहे हैं। रविवार को 600 पर्यटक वाहनों में चार हजार से अधिक पर्यटक पर्यटन स्थल मढ़ी व ब्यासनाला पहुंचे। रोहतांग दर्रे सहित पर्यटन स्थलों में अपना कारोबार चला रहे सैकड़ों व्यवसायियों ने भी पर्यटकों की चहलकदमी से राहत की सांस ली है। प्रशासन ने पंजीकृत पर्यटन व्यवसायियों को ही मढ़ी में काम करने की अनुमति दी है।


इससे रविवार को अधिकतर पर्यटन व्यवसायी आज मढ़ी नहीं पहुंच पाए। सैलानियों को कुल्लवी परिधान पहनाकर रोजगार चला रही महिलाओं को भी पंजीकरण के बाद ही रोहतांग जाने की अनुमति रहेगी। मढ़ी में पर्यटन विभाग ने एनजीटी के आदेशानुसार साहसिक पर्यटन गतिविधियों के लिए अलग-अलग जगह चिन्हित की है।

Ekta