रोहतांग दर्रा में HRTC का ट्रायल सफल, कल शुरू हो सकती केलांग बस सेवा

Monday, May 20, 2019 - 10:00 PM (IST)

मनाली: बर्फ से ढका रोहतांग दर्रा 5 महीने बाद वाहनों के लिए बहाल हो गया है। छोटे वाहन रविवार से आर-पार होना शुरू हो गए हैं। सोमवार को एच.आर.टी.सी. ने ट्रायल के तौर पर केलांग से रोहतांग पार कर बस मनाली पहुंचाई। एक-दो स्थानों में थोड़ी दिक्कत के बीच एच.आर.टी.सी. का ट्रायल सफल रहा है। एच.आर.टी.सी. को प्रशासन से हरी झंडी मिल जाती है तो मंगलवार से एच.आर.टी.सी. केलांग बस सेवा शुरू करने जा रहा है। हालांकि छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है लेकिन लोगों को टैक्सियों में भारी-भरकम किराया देना पड़ रहा है। बस सेवा शुरू होते ही लोगों को राहत मिल जाएगी।

लाहौल की ओर ग्राम्फू तक कुछ जगह तंग है सड़क

एच.आर.टी.सी. के अधिकारियों की मानें तो कुछेक स्थानों में सड़क तंग है। रोहतांग से लाहौल की ओर ग्राम्फू  तक कुछ जगह सड़क तंग है। एच.आर.टी.सी. शुरूआती दिनों में 2 बसें कुल्लू से केलांग व 2 ही बसें केलांग से कुल्लू के लिए शुरू करने जा रहा है। निगम के आर.एम. मंगल चंद मनेपा ने बताया कि उनका ट्रायल सफल रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रायल के दौरान सामने आई दिक्कत को बी.आर.ओ. के अधिकारियों से साथ सांझा किया गया है। वह आज कुल्लू प्रशासन से बस सेवा शुरू करने का आग्रह करेंगे। अगर अनुमति मिली तो रविवार से बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।

Vijay