1.14 करोड़ की लागत से बनी सड़क पर बस सेवा शुरू

Tuesday, Jun 12, 2018 - 01:29 PM (IST)

चंबा : जनजातीय क्षेत्र पांगी उपमंडल में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली व पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए जनजातीय उपयोजना में बजट का समुचित प्रावधान किया गया है। यह बात भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जिया लाल कपूर ने अपने पांगी प्रवास के दौरान सोमवार को हुड़ान, क्रियूणी, फिंडरु व रेई ग्राम पंचायतों के दौरे के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को विधायक ने निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने विभाग की विकासात्मक योजनाओं को पांगी घाटी में तेज गति से अंजाम दें ताकि लोगों को जल्द विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। इस दौरान क्रियूणी पंचायत के गांव कोठी को सड़क सुविधा के साथ जोड़ने के लिए 1 करोड़ 14 लाख रुपए की लागत से बने लिंक रोड पर बस सेवा को शुरू किया गया। इस परिवहन सेवा को भरमौर के विधायक ने हरी झंडी दिखाकर शुरू किया।

इस मार्ग पर 80 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे
जिया लाल कपूर ने हुड़ान पंचायत में कितवास संपर्क मार्ग की आधारशिला भी रखी। इस पंचायत में 72 लाख रुपए की राशि से बनने वाली सराय का भी शिलान्यास किया गया। ग्राम पंचायत रेई के गांव भांदल के संपर्क मार्ग की आधारशिला रखते हुए विधायक ने कहा कि 6 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 80 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। ग्राम पंचायत में खेल मैदान, भवन निर्माण तथा महिला मंडल भवन के लिए विधायक ने 3 लाख रुपए जारी करने की घोषणा की। इस मौके पर जनजातीय सलाहकार परिषद के सदस्य कल्याण ठाकुर, रूप चंद, बी.डी.सी. अध्यक्ष योगराज शर्मा, जिला परिषद सदस्य सुनीता शर्मा, भाजपा मंडलाध्यक्ष ध्यान चंद नेगी व भानी चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

kirti