HRTC की बस अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराई, 10 यात्री घायल

Friday, Aug 27, 2021 - 09:11 PM (IST)

धीरा (ब्यूरो): धीरा उपमंडल के तहत गांव जमूला में परिवहन निगम की एक बस अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गई। इस हादसे में 10 सवारियों को मामूली चोटें आईं, जिनमें से 9 का इलाज डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में चल रहा है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर नगरोटा बगवां से चंबी चीड़न होकर धीरा जाने वाली बस पर से चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और बस को सड़क के साथ लगती पहाड़ी की तरफ घुमा दिया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

बस में सफर कर रहे थे 30 यात्री

इस दुर्घटना में 10 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। बस में करीब 30 यात्री सफर कर रहे थे। क्षेत्रीय प्रबंधक राज कुमार पाठक ने बताया कि बस की तकनीकी जांच के पश्चात ही दुर्घटना के सही कारणों का पता लग सकेगा। पुलिस चौकी धीरा के मानक मुख्य आरक्षी मुकेश धरवाल और सहायक उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह ने घटना स्थल का दौरा करके स्थिति का जायजा लिया और घायलों के बयान कलमबद्ध किए।

Content Writer

Vijay