जिस भैंसे को प्यार से पाला, उसी ने ले ली 75 साल के मालिक की जान, परिजनों के सामने करता रहा हमला

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 04:59 PM (IST)

नादौन (जैन): हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां अमलैहड़ क्षेत्र के गांव पुखरू-प्लाखर में एक पालतू भैंसे के हमले में 75 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। मृतक की पहचान अजीत सिंह पुत्र रूलिया राम के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार 75 वर्षीय अजीत सिंह अपने घर के पास ही पशुओं की देखभाल कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पालतू भैंसा उग्र हो गया और उसने बुजुर्ग पर जोरदार हमला कर दिया। भैंसे ने उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग को बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन भैंसा इतना आक्रामक हो चुका था कि उसके लगातार हमलों के कारण बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए और कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही नादौन पुलिस थाने के प्रभारी निर्मल सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा शव संबंधी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत अमल में लाई गई है। मृत्यु के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि के लिए शव का पोस्टमार्टम डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में करवाया जा रहा है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला पशु के हमले से हुई दुर्घटनात्मक मृत्यु का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

थाना प्रभारी की आमजन से अपील- बुजुर्गों को पशुओं के पास अकेला न छोड़ें
इस दुखद घटना के बाद थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों के लिए एक विशेष एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि  पशुपालक समय-समय पर अपने पशुओं के व्यवहार पर निगरानी रखें। जानवरों में आक्रामक प्रवृत्ति दिखाई देने पर तुरंत आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं। घर के बुजुर्ग व्यक्तियों को अकेले बड़े पशुओं के पास न भेजें। पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधने और रखने की मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित करें। किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके।

सीएम सुक्खू ने जताया शोक, पंचायत ने उठाई जागरूकता की मांग
इस हृदयविदारक घटना पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित स्थानीय ग्रामीणों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। वहीं, ग्राम पंचायत प्रधान सोनिया ठाकुर व अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं की सुरक्षा और उनके नियंत्रण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News