यहां लोगों को फोन करने के लिए जाना पड़ता 7 किलोमीटर दूर

Monday, Jul 08, 2019 - 03:17 PM (IST)

चम्बा : जनजाति क्षेत्र पांगी की ग्राम पंचायत मिंधल में पिछले 2 महीने से बी.एस.एन.एल. सेवाएं चरमराई हुई हैं। इस वजह से उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं के मुताबिक क्षेत्र में बी.एस.एन.एल. का सिग्नल न होने की वजह से वे देश-दुनिया से संचार क्षेत्र में कट जाते हैं। ऐसे में अपनों से बात करने या फिर अपने कार्यों को लेकर संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने में भारी दिक्कत होती है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि सही मायने में बी.एस.एन.एल. ही पांगी घाटी की संचार व्यवस्था को मुख्य रूप से संभाले हुए है। बी.एस.एन.एल. उपभोक्ता अजय कुमार, भूपेंद्र शर्मा, सतीश कुमार, सुरेश कुमार, शिव कुमार, राम सिंह, प्रेम लाल, रवि चौहान, नील चंद, राकेश कुमार, पंकज कुमार, अमर सिंह, जीवन सिंह, सेज राम, सुरदेव कुमार व मान सिंह ने बताया कि मिंधल में बी.एस.एन.एल. की सेवा आए दिन चरमरा जाती है। ऐसे में लोगों को अपनों से बात करने के लिए 7 किलोमीटर की दूरी तय करके घाटी मुख्यालय किलाड़ जाना पड़ता है। वहां पहुंचने पर ही निगम के संचार उपभोक्ताओं के मोबाइल घनघनाने लगते हैं।

kirti