BSNL का नया ऑफर, नववर्ष पर खुलकर बोलें ''Happy New Year''

Tuesday, Dec 27, 2016 - 03:08 PM (IST)

धर्मशाला (विपिन): नववर्ष सहित अन्य त्यौहारों के दौरान जहां दूरसंचार कंपनियां अपने कॉल रेटों में इजाफा कर देती हैं, वहीं इस बार बी.एस.एन.एल. के उपभोक्ता बेफिक्र होकर अपने दोस्तों तथा सगे संबंधियों को 'हैप्पी न्यू ईयर' बोल सकेंगे। इसकी ऐवज में बी.एस.एन.एल. कोई भी चार्ज अपने ग्राहकों से वसूल नहीं करेगा।  बी.एस.एन.एल. धर्मशाला मंडल के महाप्रबंधक सुनील कुमार ने बताया कि रविवार के दिन से शुरू हो रहे नववर्ष 2017 पर बी.एस.एन.एल. अपने लैंडलाइन उपभोक्ताओं से कॉल करने का कोई भी शुल्क नहीं लेगा। नववर्ष पर बी.एस.एन.एल. उपभोक्ता खुलकर अपने दोस्तों तथा रिश्तेदारों से लंबी बातें कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले त्यौहारों आदि के दौरान दूरसंचार कंपनियां अपने ग्राहकों द्वारा सस्ते कॉल रेट के लिए डाले गए प्लान को निरस्त कर उनसे दोगुने पैसे वसूल करती हैं। वहीं इस परंपरा को तोड़ते हुए बी.एस.एन.एल. ने इस बार कोई भी शुल्क न वसूल करने का निर्णय लिया है।

क्रिसमस पर भी दे चुके हैं तोहफा
दूरसंचार कंपनी बी.एस.एन.एल. इससे पहले भी फ्री काल सुविधा मुहैया करवा चुका है। 25 दिसम्बर को मनाए गए क्रिसमस-डे पर बी.एस.एन.एल. ने अपने लैंडलाइन उपभोक्ताओं से कोई भी शुल्क वसूल नहीं किया था। उल्लेखनीय है कि बी.एस.एन.एल. द्वारा हर रविवार को लैंडलाइन फोन से किसी भी नैटवर्क पर कॉल करने पर कोई भी चार्ज वसूल नहीं किया जाता है। इसी के चलते क्रिसमस-डे तथा आने वाले नववर्ष पर भी बी.एस.एन.एल. अपने उपभोक्ताओं से कोई शुल्क नहीं वसूलेगा। नववर्ष के शुभअवसर पर दूरसंचार कंपनी बी.एस.एन.एल. द्वारा कोई भी शुल्क वसूल नहीं किया जाएगा। बी.एस.एन.एल. के लैंडलाइन उपभोक्ता किसी भी नैटवर्क पर फ्री कॉल का लाभ उठा सकते हैं।