BRO ने लाहौल से शुरू किया बर्फ हटाने का काम

Sunday, Mar 17, 2019 - 02:37 PM (IST)

मनाली (ब्यूरो): बी.आर.ओ. ने मनाली-लेह मार्ग सहित लाहौल घाटी की सड़कों से बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया है। शनिवार को बी.आर.ओ. 94 आर.सी.सी. ने उदयपुर से किलाड़ की ओर भी सड़क बहाली शुरू कर दी है। बी.आर.ओ. का दावा है कि लाहौल घाटी को किश्तवाड़ (जम्मू) के रास्ते शीघ्र बहाल कर लिया जाएगा। हालांकि रोहतांग दर्रे की बहाली को अभी समय लगेगा लेकिन लाहौल के लोग उदयपुर व किश्तवाड़ होते हुए जम्मू के रास्ते घाटी से बाहर निकल सकते हैं। लाहौल घाटी के जम्मू से जुड़ते ही लोग वाया जम्मू घरों से बाहर आ-जा सकेंगे, साथ ही हरी सब्जियों सहित जरूरत का सामान भी इस रास्ते आ सकेगा। बी.आर.ओ. ने सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह मार्ग की बहाली भी शुरू कर दी है।

475 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर मनाली की ओर से बी.आर.ओ. 70 आर.सी.सी. 222 किलोमीटर दूर सरचू तक बर्फ को हटाएगी। इस मार्ग पर रोहतांग दर्रे सहित बारालाचा दर्रा बी.आर.ओ. की दिक्कतों को बढ़ाएगा। इस बार मनाली से सरचू तक अनेक स्थानों में हिमखंड गिरे हैं, जिससे मार्ग बहाली में अधिक समय लगेगा। हालांकि बी.आर.ओ. का दावा है कि रात-दिन एक कर मनाली-लेह मार्ग को समय पर बहाल करने के प्रयास किए जाएंगे। बी.आर.ओ. ने मनाली से रोहतांग, स्तींगरी से सिस्सू, तांदी से उदयपुर, उदयपुर से तांदी, उदयपुर से तिन्दी और तिन्दी से किलाड़ की ओर एक साथ सड़क बहाली की रणनीति बनाई है। बी.आर.ओ. ने इन स्थानों में कुछेक को छोड़कर सब जगह एक साथ मार्ग बहाली को गति दे दी है। बी.आर.ओ. का दावा है कि रोहतांग दर्रे को बहाल करने को मनाली सहित सिस्सू की ओर से एक साथ चढ़ाई की जाएगी।

कुछ दिन बाद गुलाबा से होगी मनाली-लेह मार्ग की विधिवत शुरूआत

बी.आर.ओ. कमांडर लैफ्टिनैंट कर्नल उमा शंकर ने कहा कि बी.आर.ओ. युद्धस्तर पर मार्ग बहाली को अंजाम देगा। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों में बी.आर.ओ. मनाली की ओर से गुलाबा व लाहौल की ओर से सिस्सू में पूजा-अर्चना कर विधिवत शुरूआत करेगा।

Ekta