BRO ने बहाल किया रोहतांग दर्रा, कल दोपहर बाद आर-पार होंगे वाहन

Thursday, Nov 22, 2018 - 08:43 PM (IST)

मनाली: बी.आर.ओ. ने रोहतांग दर्रे के दोनों छोर मिलाकर दर्रा वाहनों के लिए बहाल कर दिया है। शुक्रवार दोपहर बाद वाहन रोहतांग दर्रे के आर-पार हो जाएंगे। बी.आर.ओ. ने एक ही दिन में समस्या का समाधान कर डाला है। चारों ओर से पड़े दबाव के चलते बी.आर.ओ. ने बुधवार को रोहतांग दर्रे की बहाली शुरू की। मनाली की ओर से 35 किलोमीटर दूर मढ़ी स्थित अपने ट्रांजिट कैंप तक बी.आर.ओ. ने सड़क बहाल रखी थी। 47 किलोमीटर की दूरी पर फंसे गर्ग एंड गर्ग कम्पनी के ट्राले को निकालने के लिए बी.आर.ओ. ने 2 दिन पहले ही 47 किलोमीटर तक सड़क बहाल कर दी थी। हालांकि बी.आर.ओ. रोहतांग दर्रे को बहाल न करने की बात इस महीने के शुरू से करता आया है लेकिन अपने कार्य के चलते उसे रोहतांग दर्रे का अधिकतर भाग पहले ही बहाल रखना पड़ा है।

सी.एम. ने गंभीरता से लिया था मामला

रोहतांग बहाली को लेकर लाहौल के लोग 14 नवम्बर से बी.आर.ओ. से आग्रह कर रहे थे। बात बनती न देख लाहौल के लोगों ने चंदा तक एकत्रित करना शुरू कर दिया था। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी रोहतांग दर्रे की बहाली के मामले को गंभीरता से लिया और बी.आर.ओ. से दर्रे को बहाल करने की बात कही। बी.आर.ओ. ने कल मनाली की ओर से रोहतांग दर्रे में दस्तक दे दी थी। वीरवार सुबह ही बी.आर.ओ. ने दोनों ओर से दर्रे पर चढ़ाई कर दी और शाम तक दोनों छोर को मिला दिया। दोनों छोर मिलते ही दर्रा तो बहाल हो गया है लेकिन वाहनों योग्य सड़क शुक्रवार दोपहर तक ही तैयार हो पाएगी।

17 लोगों ने रोहतांग पार कर कोकसर में दी दस्तक

रैस्क्यू प्रभारी कोकसर पवन ने बताया कि रोहतांग दर्रे में राहगीरों की आवाजाही तीसरे दिन भी जारी रही। वीरवार को 5 लोग लाहौल की ओर से मनाली गए जबकि मनाली से 17 लोगों ने रोहतांग पार करके कोकसर में दस्तक दी। रोहतांग दर्रे पर वाहनों की आवाजाही व कदमताल मौसम पर ही निर्भर रहेगी।

बी.आर.ओ. ने रिकार्ड समय में बहाल किया रोहतांग दर्रा

सीमा सड़क संगठन के कमांडर के. अवस्थी ने कहा कि बी.आर.ओ. ने रिकार्ड समय में बर्फ  से लदे रोहतांग दर्रे को बहाल कर दिया है। शुक्रवार दोहपर तक दर्रा वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। बी.आर.ओ. ने नवम्बर के पहले सप्ताह ही लाहौल-स्पीति प्रशासन को पत्राचार से अवगत करवा दिया था कि आवश्यक भंडारण 15 नवम्बर तक कर लें। फिर भी लाहौल के लोगों की दिक्कतों को देखते हुए बी.आर.ओ. ने रोहतांग बहाली को अपने कदम बढ़ाए हैं। मौसम साफ  रहने तक सभी लोग दर्रा आर-पार कर लें। अब बर्फबारी हुई तो रोहतांग बहाली का कार्य अगले साल ही किया जाएगा।

रोहतांग दर्रा पार करने में जल्दबाजी न करें

एस.डी.एम. केलांग अमर नेगी ने बताया कि लाहौल के लोगों से आग्रह है कि रोहतांग दर्रा पार करने में जल्दबाजी न करें। धूप निकलने पर ही कोकसर और मढ़ी से कूच करें। वाहन चालक सुरक्षित ढंग से वाहन चलाएं और आते-जाते सभी वाहन चालक रैस्क्यू पोस्ट पर अपना नाम-पता दर्ज करवाएं।

Vijay