BRO पर बढ़ा दबाव, 750 लोगों के लिए आधी रात को खोली Rohtang Tunnel

Wednesday, Nov 13, 2019 - 08:44 PM (IST)

मनाली (सोनू): सुबह से आधी रात तक माइनस तापमान में भूखे-प्यासे बैठे लोगों का दर्द देख आखिर बीआरओ का दिल पसीज ही गया। बीआरओ ने हालात को देखते हुए रात 12 बजे लोगों के लिए रोहतांग सुरंग खोल दी। आधी रात को 12 बजे के बाद मनाली की ओर से 63 गाड़ियाें में 600 से अधिक लोग लाहौल की ओर रवाना हुए। कोकसर में भी लोग इसी उम्मीद के साथ बैठे रहे कि उन्हें जाने की अनुमति मिल जाएगी। लाहौल की ओर से भी आधी रात 12 बजे 16 गाड़ियाें में 150 लोग मनाली की ओर आए।

मंगलवार सुबह से घर जाने का इंतजार कर रहे लोगों को जब 8 बजे तक अनुमति न मिली तो वे भड़क उठे। उन्होंने सरकार व बीआरओ के खिलाफ नारेबाजी कर दी। लोगों में रोष इस बात का था कि जब गाड़ियाें की लिस्ट बना ली तथा लोगों के नाम दर्ज कर लिए तो जाने की अनुमति क्यों नहीं दी। इन लोगों में बच्चों व महिलाओं की संख्या अधिक थी। सभी भूखे-प्यासे आधी रात तक माइनस तापमान में डटे रहे और अंत तक उम्मीद नहीं छोड़ी।

माइनस तापमान में भूखे-प्यासे बैठे लोगों का जब वीडियो वायरल हो गया तो हड़कंप मच गया। आधी रात को महिलाएं व बच्चे सड़क पर उतकर धरने पर बैठ गए। इस घटना की हर जगह कड़ी निंदा भी हुई। अधिकतर लोगों का कहना था कि जिन लोगों के लिए ये टनल बनाई जा रही है उन्हें ही इस तरह के हालात का सामना क्यों करना पड़ रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जब वीडियो बीआरओ के आला अधिकारियों व सरकारी नुमाइंदों तक पहुंचा तो सभी के दबाव में बीआरओ ने लोगों को आधी रात को जाने की अनुमति दी।

रोहतांग सुरंग परियोजना के बीआरओ चीफ इंजीनियर केपी पुरशोथमन ने बताया कि यह सुरंग लाहौल के लोगों की सुविधा के लिए बनाई जा रही है। आपात स्थिति में ही लोग रोहतांग सुरंग से आ-जा सकते हैं। लोगों से आग्रह है कि आपात स्थिति में ही सुरंग से जाएं। इस तरह कार्य प्रभावित न कर बीआरओ का सहयोग करें ताकि सुरंग समय पर देश को समर्पित की जा सके।

कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने कहा कि सर्दियों को लेकर रोहतांग सुरंग से आने-जाने की व्यवस्था की जा रही है। केंद्र सरकार से बातचीत चल रही है। लोग संयम से काम लें और प्रशासन का सहयोग करें।

Vijay