BRO ने शुरू किया मनाली-लेह सड़क मार्ग का बहाली कार्य

Monday, Mar 12, 2018 - 05:22 PM (IST)

मनाली(मनमिन्दर) : सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मनाली-लेह सड़क से बर्फ हटाने का कार्य सीमा सड़क संगठन (बीआरओ-BRO) ने शुरू कर दिया है। लाहौल-स्पीति जिले से गुजरने वाली मनाली-लेह सड़क पर सरचु तक के करीब 222 किलोमीटर हिस्से से सीमा सड़क संगठन हर वर्ष बर्फ हटाता है। इस बार यह कार्य पिछले कुछ दिनों में खराब मौसम के चलते देरी से शुरू हुआ है। मनाली-लेह हाइवे सेना के हथियार, गोला-बारूद और रसद ले जाने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां से लेह-लद्दाख जिले के लिए सेना को आपूर्ति की जाती है। मनाली-लेह मार्ग बंद होने के कारण इन दिनों लेह लद्दाख की भारतीय सीमा पर तैनात सेना को रसद और अन्य सामान जम्मू मार्ग होते हुए पहुंचाया जा रहा है। दिसंबर 2017 से आवाजाही के लिए बंद पड़े रोहतांग दर्रा को यातायात के साथ पैदल पार करने के लिए भी इस मार्ग को बहाल करने के लिए बीआरओ ने अपनी मुहिम शुरू कर दी है।


टीम व्यास नाला से बर्फ की महीन लेयर को हटा रही
गौरतलब  है कि रोहतांग दर्रा मनाली लेह मार्ग के बीच आने वाले जनजातिय क्षेत्र लाहौल स्पीति का गेटवे है। इसी क्रम में आज ब्यास नाला में बीआरओ अफसरों और जवानों ने पूजा-अर्चना भी की। बर्फ काटने वाली मशीनों, डोजर्स और जेसीबी मशीनों की मदद से मनाली-सरचु सेक्शन को खोलने के लिए चार टीमों को लगाया गया है। मनाली की पहली टीम व्यास नाला से बर्फ की महीन लेयर को हटा रही है, दूसरी टीम सिस्सू-खोक्सर से बर्फ साफ कर रही है। जबकि दो टीमें लाहौल घाटी में लगाई गई हैं। 38 बीआरटीएफ के कमांडर ए के अवस्थी ने बताया कि रोहतांग दर्रे को खोलने के लिए बड़े स्तर पर कोशिश की जा रही है। बीआरओ के पास सड़क मार्ग को खोलने के लिए उपयुक्त मशीनरी है जो जल्द से जल्द रोहतांग को खोलने के लिए सक्षम है बीआरओ हर वर्ष की तरह रोहतांग को जल्द से जल्द खोलने की कोशिस करेगा ताकि लोगो को जल्द से जल्द आर-पार जाने की सुविधा मिल सके। अगर मौसम ठीक रहा तो इसी महीने तक रोहतांग दर्रे को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। जिसके लिए स्थानिया लोगों की भी मदद ली जाएगी।