राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान ही हिमाचल ब्रिज एसोसिएशन दोफाड़

Saturday, Jun 16, 2018 - 05:55 PM (IST)

सोलन (पाल): सोलन में चल रही राष्ट्रीय ब्रिज प्रतियोगिता के दौरान ही हिमाचल प्रदेश ब्रिज एसोसिएशन (एच.बी.ए.) दोफाड़ हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साले अरूण सेन को समानांतर गुट का नया अध्यक्ष चुना गया है। इस विवाद के बाद हिमाचल की तीन टीमों ने इस प्रतियोगिता का बायकॉट कर दिया है। सोलन के हिमानी होटल में शनिवार से ही यह प्रतियोगिता शुरू हुई है। इस प्रतियोगिता में देश की 28 टीमें भाग ले रही हैं। हिमाचल की ओर से 5 टीमें इस प्रतियोगिता में भाग ले रही थीं लेकिन 3 टीमों के बायकॉट के बाद अब केवल 2 टीमें ही रह गई है। हर टीम में 4-4 सदस्य होते हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान मेजबान ऐसोसिएशन के दोफाड़ होने का अपनी तरह का पहला मामला है। वर्तमान ऐसोएिशन से नाराज गुट ने नई समानांतर एसोसिएशन खड़ी कर दी है। समानांतर एसोसिएशन के प्रधान अरूण सेन व महासचिव हितेन्द्र पंवर ने दूसरे गुट के अध्यक्ष पर एसोसिएशन को मनमाने ढंग से चलाने व भारी आर्थिक गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पिछले 20 साल से एच.बी.ए. हिमाचल में संचालित है और हर साल राष्ट्रीय टूर्नामेंट का आयोजन करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीमों के चयन में पिक एंड चूज हो रहा है।


राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाडिय़ों को पिक एंड चूज के आधार पर यात्रा भत्ता दिया जाता है। उनका आरोप है कि एसोसिएशन के पिछले करीब 20 वर्षों से चुनाव ही नहीं हुए है। यही नहीं ऐसोएिशन के पैसे का हिसाब नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस एसोसिएशन के करीब 24 सदस्य है जिसमें से 20 सदस्यों का उन्हें समर्थन प्राप्त है। उन्होंने  आरोप लगाया है कि आज तक ए.जी.एम .नहीं हुआ और न ही चुनाव हुए। कुछ मठाधीश लोगों ने एच.बी.ए. को अपने ढंग से चलाया है लेकिन इसका विरोध अधिकांश लोगों ने किया है। प्रेसवार्ता में आरोप लगाए गए कि नेशनल चैंपियनशिप के लिए लाखों रुपए एकत्र किए जाते हैं लेकिन इसका हिसाब किताब आज तक नहीं दिया गया। इससे लगता है कि इसमें लाखों की धांधली का अंदेशा है।


वहीं हिमाचल ब्रिज एसोएिशन के महासचिव अरविन्द गुप्ता का कहना है कि दो वर्ष पूर्व ही ऐसोसिएशन के चुनाव हुए थे। इस वर्ष चुनाव प्रस्तावित हैं। शुक्रवार को सभी सदस्यों की बैठक भी हुई थी और इसमें विस्तार से चर्चा हुई थी। अब किसी ने एसोसिएशन को तोड़ कर नया संघ बना दिया है तो यह उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। एसोसिएशन समय-समय पर अकाउंट का पूरा हिस्सा देती है। एक-दो महत्वकांक्षी लोग संघ को कमजोर करने में लगे हुए है। सोलन में राष्ट्रीय प्रतियोगिता चली हुई और इसमें करीब 28 टीमें भाग ले रही है।

kirti