रिश्वत मामला : CBI खंगालेगी प्रवर्तन अधिकारी के बैंक खाते

Sunday, Jun 24, 2018 - 10:08 PM (IST)

शिमला (राक्टा): केंद्रीय जांच ब्यूरो (सी.बी.आई.) रिश्वतखोरी के आरोप में पकड़े गए प्रवर्तन अधिकारी के बैंक खाते खंगालेगी। इस मामले में कुछ सरकारी मुलाजिम के साथ निजी कर्मचारी भी जांच दायरे में हैं। इसके तहत आगामी दिनों में भी कुछ गिरफ्तारियां हो सकती हैं। जांच एजैंसी मामले की छानबीन के तहत हर पहलू को गंभीरता से खंगाल रही है। सूत्रों के अनुसार जांच एजैंसी ने कुछ रिकार्ड भी कब्जे में लिया है, जिसकी जांच में कई तथ्य सामने आ सकते हैं। गौर हो कि सी.बी.आई. ने बीते दिनों ई.पी.एफ.ओ. बद्दी के प्रवर्तन अधिकारी दुर्गा सिंह को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था।


108 एम्बुलैंस कर्मी भी गिरफ्तार
दुर्गा सिंह के साथ जांच एजैंसी ने एक 108 एम्बुलैंस कर्मी रवि को भी गिरफ्तार किया है। यह दोनों गिरफ्तारियां जिला सोलन से की गई हैं। सी.बी.आई. को विश्वस्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि ई.पी.एफ.ओ. बद्दी का प्रवर्तन अधिकारी अन्य लोगों के साथ शिमला और सोलन में भ्रष्टाचार और अवैध कार्य में संलिप्त है। आरोप है कि वह ई.पी.एफ. एंड एम.पी. एक्ट-1952 के अंतर्गत कंपनियों की वित्तीय देनदारियों और लंबित पड़े निरीक्षण मामलों में गलत तरीके से लाभ पहुंचाता था।


रिपोर्ट पक्ष में देने का ताना-बाना बुना
आरोप है कि 108 कर्मी रवि ने ई.पी.एफ. की देनदारी संबंधी रिपोर्ट पक्ष में देने के लिए दुर्गा सिंह के साथ ताना-बाना बुना। सी.बी.आई. के अनुसार इसके तहत रवि ने बीते 18 जून को 80 हजार रिश्वत देने की बात कही और पूरी अदायगी 21 जून को देने की बात हुई थी। दोनों में लाखों रुपए की रिश्वत की ढील हुई थी। इसी बीच जांच एजैंसी ने अपना जाल बिछा आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।


आरोपियों का मैडीकल करवाया
सूत्रों के अनुसार रविवार को सी.बी.आई. ने स्थानीय अस्पताल में दोनों आरोपियों का मैडीकल करवाया। वर्तमान में दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में चल रहे हंै।

Vijay