रिश्वत मामला: RTO फरार, एजेंट को किया विजिलेंस ने गिरफ्तार

Sunday, Mar 03, 2019 - 02:54 PM (IST)

ऊना (विशाल): आर.टी.ओ. कार्यालय ऊना में रुपए लेने के बाबत वायरल हुए वीडियो मामले में विजिलेंस ने ऊना के एक एजेंट को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस मामले में ऊना कार्यालय का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे आर.टी.ओ. नालागढ़ भी विजिलेंस द्वारा भूमिगत हुए बताए जा रहे हैं। विजिलेंस की मानें तो मामला दर्ज करने के बाद जांच में शामिल करने के लिए आर.टी.ओ. नालागढ़ से संपर्क करने की कोशिशें की गई लेकिन मामला दर्ज होने के बाद से ही उनका मोबाइल स्विच ऑफ है। विजिलेंस की टीम ने आर.टी.ओ. नालागढ़ को तलाशने के लिए शिमला में उनके घर सहित अन्य जगहों पर छापामारी भी की लेकिन वह कहीं नहीं मिले। 

उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को ऊना में सोशल मीडिया में अचानक 5 वीडियो वायरल हुए थे जिनको आर.टी.ओ. कार्यालय का बताया गया था। वहीं आरोप लगाए गए थे कि फाइल साइन करने की एवज में यहां रुपए लिए जा रहे हैं। इसके कुछ ही देर बाद शाम के समय एक व्यक्ति ने विजिलेंस के पास पहुंच कर इस संबंध में शिकायत देते हुए 3 घंटे की वीडियो फुटेज भी दी। इसके बाद विजिलेंस ने भ्रष्टाचार रोधी अधिनियम 2018 की धारा 7 और 8 सहित आई.पी.सी. की धारा 120वीं के तहत मामला दर्जकर कुछ एजेंटस को पड़ताल के लिए विजिलेंस कार्यालय में तलब किया था। शनिवार देर शाम इस मामले में ऊना के एक एजेंट को गिरफ्तार कर लिया गया है जिसका 3 दिन का रिमांड मिला है। वहीं आर.टी.ओ. नालागढ़ की तलाश विजिलेंस द्वारा जोरो-शोरों से की जा रही है। फिलहाल आर.टी.ओ. नालागढ़ 23 फरवरी से छुट्टी पर चल रहे हैं।

विजिलेंस की मानें तो सोशल मीडिया में कुछ मिनटों के क्लिप ही मिले हैं जबकि शिकायत के साथ विजिलेंस को करीब 3 घंटे की वीडियो हासिल हुई है जिसको फोरेंसिक जांच के लिए जल्द ही लैब में भेजा जाएगा। वहां से जांच रिपोर्ट आने के बाद वीडियो की सत्यता का भी खुलासा होगा। वहीं इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं और कुछ अन्य एजेंट्स को भी जांच के दायरे में लिया जा सकता है। विजिलेंस के ए.एस.पी. सागर चंद्र ने पुष्टि करते हुए बताया कि एक एजेंट को गिरफ्तार किया गया है जबकि आर.टी.ओ. नालागढ़ की तलाश की जा रही है। आर.टी.ओ. की तलाश में कई जगहें टीमें गई थीं लेकिन अभी तक वह नहीं मिल पाए हैं और उनका फोन भी बंद आ रहा है।

Ekta