ब्रेकिंग : हिमाचल विधानसभा में विपक्ष ने रखा अविश्वास प्रस्ताव

Friday, Dec 10, 2021 - 02:55 PM (IST)

धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से प्रारंभ हुआ है। सत्र प्रारंभ होने के साथ ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विधानसभा के तीन पूर्व सदस्यों बोध राज, गुरमुख सिंह बाली व डॉ. शिव कुमार के लिए शोकोद्गार प्रस्ताव रखा। इसके अलावा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत व लांस नायक विवेक कुमार को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आगामी कार्रवाई शुरू हुई। विधानसभा से सबसे बड़ी खबर यह है कि विपक्ष ने सदन में अविश्वास प्रस्ताव रखा है। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, रामलाल ठाकुर, जगत सिंह नेगी, नंद लाल और शांडिल ने यह प्रस्ताव सदन में रखा है। 

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री समेत कांग्रेस के सात विधायकों ने सदन में अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार ने अपना विश्वास खो दिया है। उपचुनाव में भाजपा चारों सीटों पर हार गई। सदन में प्रस्ताव पेश होते ही खारिज कर दिया गया। विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने नियमों का हवाला देकर चर्चा की अनुमति नहीं दी। विपिन परमार ने कहा कि नियमानुसार कांग्रेस के 23 सदस्य सदन में होने चाहिए। इस नियम का हवाला देकर प्रस्ताव निरस्त कर दिया गया। कांग्रेस के 23 में से 18 सदस्य सदन में थे। कांग्रेस विधायकों ने सदन में चर्चा क्यों नहीं होती के नारे लगाना शुरू कर दिए। इसके बाद कांग्रेस विधायक सदन से वाकआउट कर गए। 

Content Writer

prashant sharma