Breaking News : हिमाचल में कोरोना से 11वीं मौत, कांगड़ा के व्यक्ति ने दम तोड़ा

Friday, Jul 24, 2020 - 11:20 AM (IST)

कांगड़ा : हिमाचल प्रदेश में प्रतिदिन आ रहे कोरोना संक्रमित मामलों के बीच शुक्रवार को एक और बुरी खबर आई है। प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 11 हो गई है। प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक 52 वर्षीय व्यक्ति ने गुरूवार रात को डांडा अस्पताल में दम तोड़ दिया। यह व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित था। जानकारी मिली है कि मृतक ज्वालामुखी के अंब का रहने वाला था। वह लीवर आदि की बीमारी से ग्रस्त था। 52 वर्षीय अशोक का पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज चल रहा था जहां से छुट्टी देने के बाद उसे को टांडा में भर्ती करवाया गया था। उसका सैंपल लेने पर वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद प्रोटोकॉल के तहत उसे जोनल अस्पताल धर्मशाला शिफ्ट जा रहा था। वहां ले जाते समय व्यक्ति ने एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि की है।

इसी के साथ हिमाचल में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 11 हो गया है और जिला कांगड़ा से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कांगड़ा में सेना के दो जवान (23 वर्षीय, 33 वर्षीय) कोरोना पॉजिटव पाए गए हैं। इन्हें सैन्य अस्पताल योल में शिफ्ट किया गया है। गौरतलब है कि 21 जुलाई मंगलवार को कोरोना मंडी के सरकाघाट उपमंडल की संक्रमित बुजुर्ग महिला (75) ने कोविड अस्पताल नेरचौक मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया था। महिला ब्लड कैंसर, शुगर और हाईपोथाईरिज्म जैसी बीमारियों से भी जूझ रही थी। राज्य में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 1846 पहुंच गया है। सक्रिय मामले 682 हैं। 1136 मरीज ठीक हो चुके हैं। गुरुवार को 31 और मरीज ठीक हो गए हैं। 11 की मौत हो चुकी है और 15 राज्य के बाहर चले गए हैं।
 

Edited By

prashant sharma