अप्रैल के प्रथम सप्ताह में होंगी बी.पी.एल. सूचियों की समीक्षा

punjabkesari.in Wednesday, Mar 17, 2021 - 12:07 PM (IST)

डाडासीबा (सुनील): हिमाचल प्रदेश सरकार ने बी.पी.एल. सूचियों की समीक्षा को लेकर नए दिशा निर्देश जारी किए हैं। अब अपात्र परिवारों की बी.पी.एल. सूची से छुट्टी लगभग तय है। गौरतलब है कि कोविड-19 के कारण अप्रैल 2020 में ग्राम सभा बैठक का आयोजन नहीं हो पाने के कारण बी.पी.एल. सूचियों की समीक्षा नहीं की जा सकी, जिस कारण बी.पी.एल. सूचियों में अभी तक अपात्र परिवार दर्ज हैं और वे सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं। अब सरकार ने यह निर्णय लिया है कि प्रत्येक वर्ष अप्रैल माह में आयोजित होने वाली ग्राम सभा की प्रथम बैठक में ग्राम पंचायत की बी.पी.एल. सूची की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा की जाएगी।
ग्रामीण विकास विभाग के अतिरिक्त निदेशक ने इस संदर्भ में प्रदेश के समस्त उपायुक्तों, ग्रामीण विकास अभिकरण के जिला परियोजना अधिकारियों, समस्त जिला पंचायत अधिकारियों के अलावा प्रदेश के समस्त खंड विकास अधिकारियों को बी.पी.एल. सूची की समीक्षा बाबत नये दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। जिला परियोजना अधिकारी डी.आर.डी.ए. सोनू गोयल ने बताया कि अप्रैल माह की प्रथम बैठक में जिलाधीश कांगड़ा के निर्देश पर बी.पी.एल. सूचियों की समीक्षा होगी जिसमें अपात्र परिवारों को बी.पी.एल. सूची से बाहर किया जाएगा। बैठकों की तिथि का निर्धारण जिलाधीश कांगड़ा द्वारा किया जाएगा।
यह होंगे अपात्र परिवार
यदि परिवार आयकरदाता है। यदि परिवार के पास 2 हेक्टेयर से ज्यादा भूमि है। यदि परिवार के पास आधुनिक शहरी प्रकार का बड़ा मकान है। यदि परिवार के किसी सदस्य के पास चौपहिया वाहन है। यदि परिवार के किसी सदस्य का मानदेय या वेतन 2500 रुपए से अधिक है। यदि परिवार का कोई सदस्य पंचायत प्रतिनिधि, पंचायत समिति या जिला परिषद का सदस्य चयनित हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rajneesh Himalian

Recommended News

Related News