जले आशियाने की छत को दर-दर भटक रहा BPL वृद्ध दम्पति, एक महीने पहले हुआ था हादसा

Sunday, Mar 04, 2018 - 05:09 PM (IST)

बंगाणा: अपने घर के जले आशियाने को छत लगाने की आस में ठठहूं का बी.पी.एल. धारक वृद्ध दम्पति दर-दर भटक रहा है। अभी तक उनको कोई मदद नहीं मिल पाई है। यूं तो इस वृद्ध दम्पति का नाम धनेत ग्राम पंचायत में बी.पी.एल. में दर्ज है, लेकिन उस नाम का क्या अगर उसको वक्त पर सुविधा की आस ना हो। 59 वर्षीय हरनाम सिंह कहते हैं कि उसका नाम बी.पी.एल. में तो है, लेकिन उसको व पत्नी को सरकार की तरफ से अभी तक कोई पैंशन तक नही लगी है। उसके परिवार में मात्र दो वृद्ध ही है, बच्चे है नहीं कि कोई उनकी देखभाल करता। उसका कहना है कि उमर के इस पड़ाव में उन्हें यह दिन देखने पड़ेगें। उसने यह कभी सोचा भी नहीं था। इस माह दो बार बारिश होने से आग से जले मकान से बारिश का पानी घर के अंदर ही गिरता रहा है, कहीं से उसे मदद की कोई आस नहीं दिखती है। 


प्रशासन ने फौरी तौर पर आर्थिक सहायता के नाम पर हरनाम सिंह को 51 सौ रुपए तथा एक तिरपाल दिया था, जो हवा के झोंकों के साथ फट गया है। हरनाम सिंह का कहना है कि वह घर की छत लगाने को शासन से लेकर प्रशासन तक अपनी फरियाद लगा चुका है। बता दें कि फरवरी माह की 8 तारीख को ठठहूं के हरनाम की पशुशाला व रिहायशी मकान शाम ढलते आग से सुलग गया था। आग की चपेट में आने से दुधारू भैंस समेत रिहायशी मकान के अंदर रखा सारा सामान में आग की भेंट चढ़ गया था। गांव के आसपास के ग्रामीणों ने कड़ी मशक्त से आग बुझाई थी, वरना साथ लगते घरों को राख कर देती। धनेत पंचायत के उप प्रधान श्रीधर शर्मा का कहना है कि ठठहूं का हरनाम सिंह व उसकी पत्नी गरीब है। पंचायत ने प्रशासन को उचित सहायता उपलब्ध करवाने बारे लिख कर भेजा है।