सस्ता राशन चाहिए तो पहले पूरी करो सरकार की ये शर्त

Friday, May 12, 2017 - 11:25 AM (IST)

भोरंज : हिमाचल प्रदेश के उपमंडल में एक अलग पहचान रखने वाली ग्राम पंचायत भोरंज में हुई ग्राम सभा में कई अहम निर्णय लिए गए। स्थानीय पंचायत प्रधान गरीब दास ने बताया कि ग्राम सभा में पंचायत क्षेत्र के लोगों की सहमति से निर्णय लिए गए कि गरीबी रेखा से नीचे रह रहे बी.पी.एल. परिवारों जिनकी संख्या 215 है। ये सभी परिवार एक माह के भीतर अपनी-अपनी आय प्रमाण पत्र अपने घर का फोटो जोकि स्थानीय वार्ड पंच द्वारा सत्यापित होना भी जरूरी है। साथ ही जो भी ऐसे पात्र परिवार जोकि बी.पी.एल. में नाम डलवाने के इच्छुक हैं वह भी अपना-अपना आय प्रमाण पत्र बनवाकर एक माह के अंदर पंचायत सचिव के पास जमा करवा दें। उन्होंने बताया कि आने वाली ग्राम सभा में उनके प्रमाण पत्र के आधार पर नए बी.पी.एल. परिवारों का चयन ग्राम सभा के सदस्यों द्वारा ही किया जाएगा। 

34 हजार से कम होनी चाहिए नए परिवारों की आय 
डाले जाने वाले नए परिवारों की आय 34 हजार रुपए से कम होनी अनिवार्य है। ग्राम सभा में यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि पंचायत द्वारा विभिन्न वार्डों में रास्तों का निर्माण करवाया जा रहा है और उन रास्तों से गुजरने वाली आई.पी.एच. विभाग की पाइप लाइनें जिन्हें उखाड़ने से रास्ते खराब होते थे, आई.पी.एच. विभाग पाइप लाइनों की मुरम्मत करने से पूर्व पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेगा, जोकि अनिवार्य है। इसके बारे में एस.डी.ओ. आई.पी.एच. भोरंज को लिखित रूप से पहले से ही सूचित कर दिया गया है। पंचायत प्रधान गरीब दास ने तमाम पंचायत के वार्डों के ग्रामीणों से पंचायत के विकास कार्यों में अपने-अपने सहयोग की अपील की है ताकि पंचायत का उत्थान हो सके।