Sirmaur: पतंग उड़ाते समय सीढ़ियों से गिरा युवक...पेट में घुसा सरिया, गंभीर हालत में PGI रैफर
punjabkesari.in Friday, Aug 28, 2026 - 11:28 PM (IST)
नाहन (आशु): जिला मुख्यालय नाहन के गोविंदगढ़ क्षेत्र में रक्षाबंधन के दौरान पतंग उड़ाते समय एक युवक हादसे का शिकार हो गया। छत से सीढ़ियां उतरते समय संतुलन बिगड़ने से 26 वर्षीय राहुल नाम का युवक नीचे गिर गया। बताया जा रहा है कि गिरने के दौरान वहां पड़ा लोहे का सरिया उसके पेट में जा घुसा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार राहुल सुबह अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान दूसरी पतंग लेने के लिए वह सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था। अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया। बताया जा रहा है कि गिरने के दौरान वहां मौजूद लोहे का सरिया उसके पेट में जा लगा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
परिजन और स्थानीय लोग घायल राहुल को तत्काल उपचार के लिए मैडीकल कालेज एवं अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। युवक की हालत और चोट की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया। जानकारी के अनुसार राहुल की हालत स्थिर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि रक्षाबंधन के अवसर पर नाहन शहर में पतंग उड़ाने की परंपरा काफी पुरानी है। स्थानीय स्तर पर इसे रियासतकाल से चली आ रही परंपरा बताया जाता है। रक्षाबंधन के दौरान शहर में लोग छतों पर पतंगबाजी करते हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए पतंग उड़ाते समय विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

