Hamirpur: सेना में भर्ती करवाने के नाम पर युवक से ठगी, पैसे लेकर राजस्थान का व्यक्ति गायब

punjabkesari.in Sunday, Mar 23, 2025 - 04:03 PM (IST)

हमीरपुर (अजय): हमीरपुर के नजदीकी लोहारड़ा निवासी युवक ने उसे सेना में भर्ती करवाने को लेकर राजस्थान के एक व्यक्ति के खिलाफ पैसे ठगने की शिकायत पुलिस को दी है। सदर पुलिस ने शिकायतकर्त्ता सुरजीत सिंह पुत्र तारा चंद निवासी लोहारड़ा जिला हमीरपुर की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सुरजीत के मुताबिक वर्ष 2022 में राजस्थान निवासी एक व्यक्ति उसके सम्पर्क में आया और उसने शिकायतकर्त्ता को सेना में भर्ती करवाने के बारे में आश्वस्त किया। भर्ती करवाने की एवज में उसने पैसों की डिमांड की जिस पर उन्होंने तय राशि का भुगतान भी कर दिया था। जो उसके अकाऊंट में 2022 को ट्रांसफर की गई थी। सुरजीत सिंह ने आरोप लगाया है वह व्यक्ति अब उससे बात नहीं कर रहा और उसने भर्ती करवाने के नाम पर उससे ठगी की है।

आखिर लोग क्यों आ रहे ऐसे प्रलोभनों में
हैरानी का विषय है कि चाहे बात सेना भर्ती की जाए या फिर पुलिस भर्ती की, ऐसे ठगी और धोखाधड़ी के आज तक दर्जनों मामले पुलिस में दर्ज हो चुके हैं और कई मामले ऐसे भी हैं जो समाज में बेइज्जती या किन्हीं कारणों के चलते पुलिस के पास नहीं पहुंचते हैं। इसके बावजूद कुछ लोग ऐसे ठगों के झांसे में आकर अपनी पूंजी लुटा रहे हैं। ऐसे मामले पुलिस के लिए भी सिरदर्द बने हुए हैं। किसी भी सेना या पुलिस भर्ती के दौरान भर्ती ग्राऊंड में अधिकारियों द्वारा ठगों, दलालों और धोखाधड़ी से बचने के बारे में अनाऊंसमैंट की जाती है और मीडिया के जरिये भी लोगों को जागरूक करवाया जाता है। इसके बावजूद कुछ लोग प्रलोभन में आकर ठगी का शिकार बनते हैं।

क्या कहते हैं एसपी हमीरपुर 
इस मामले की पुष्टि एसपी भगत सिंह ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि भर्ती के नाम पर कुछ शातिर ठग आम लोगों को गुमराह करते हैं और प्रलोभन देकर उनसे धोखाधड़ी करते हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि ऐसी धोखाधड़ी से बचना चहिए। अगर कोई व्यक्ति लोगों से भर्ती करवाने को लेकर पैसे की डिमांड करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News