10 वर्षीय प्रिंस की बिना चोट के टूट रहीं हड्डियां, परिवार ने लगाई आर्थिक मदद की गुहार

Sunday, Jun 13, 2021 - 08:18 PM (IST)

बीबीएन (ठाकुर): दून क्षेत्र की ग्राम पंचायत मलपुर के गांव मलकू माजरा निवासी 10 वर्षीय प्रिंस चौधरी पिछले 6 वर्षों से एक लाइलाज बीमारी से ग्रस्त है। इस बीमारी के कारण प्रिंस की बिना चोटिल हुए शरीर के अनेक हिस्सों की हड्डियां टूट रही हैं जिसके लिए उसका निरंतर इलाज चल रहा है। बड़े अस्पतालों में ऑप्रेशन हो रहे हैं। प्रिंस की इस बीमारी के इलाज के लिए उसके माता-पिता को अनेक वित्तीय चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में उनका परिवार बेहद आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा है।

परिजनों को 6 वर्ष पूर्व चला बीमारी का पता

प्रिंस की मां गीता देवी ने बताया कि उनका बेटा बचपन से ही होनहार था। बेटे की इस बीमारी के बारे में उन्हें 6 वर्ष पूर्व तब पता चला जब प्रिंस की स्कूल में अचानक टांग की हड्डी टूट गई। उस समय प्रिंस की आयु मात्र 4 वर्ष थी। उस समय से उसकी पढ़ाई भी छूट गई है। उनका बेटा इस समय न केवल बीमारी की पीड़ा से जूझ रहा है बल्कि पढ़ाई छूटने की बात को याद कर परेशान होकर रोने लगता है। प्रिंस की टांग व बाजू सहित शरीर के किसी भी हिस्से की हड्डी का टूट जाने का सिलसिला पिछले 6 वर्षों से लगातार जारी है, जिस कारण क्षेत्र के जाने-माने अस्पतालों के अलावा वर्तमान में पीजीआई चंडीगढ़ में उसका उपचार किया जा रहा है।

इलाज पर सालाना डेढ़ से 2 लाख रुपए हो रहे खर्च

इस बीमारी के कारण प्रिंस चलने में असमर्थ है। इस वजह से महीने में कई बार उसे टैक्सी लेकर अस्पतालों में प्लास्टर इत्यादि करवाना पड़ता है। इलाज से संबंधित प्रक्रिया में हजारों रुपए खर्च हो जाते हैं। प्रिंस के इलाज पर सालाना लगभग डेढ़ से 2 लाख रुपए खर्च हो रहे हैं। इसके लिए उन्होंने अपने गहने तथा कुछ जमीन भी बेच दी है। गीता देवी ने बताया कि उनका परिवार अशिक्षित तथा अत्यंत निर्धन है। उन्हें प्रिंस के इलाज के लिए न तो सरकार और न ही प्रशासनिक स्तर पर कोई मदद मिली है।

16 जून को पीजीआई में होना है ऑप्रेशन

गीता देवी ने बताया कि कुछ दिन पहले ही फिर से प्रिंस की टांग की हड्डी टूट गई है। इसके लिए 16 जून को पीजीआई चंडीगढ़ में ऑप्रेशन होना निश्चित किया गया है। इसके लिए उन्हें पैसों की सख्त जरूरत है। गीता देवी ने सरकार, प्रशासन के अलावा क्षेत्र की स्वयंसेवी संस्थाओं तथा दानी सज्जनों से गुहार लगाई है कि वे उनकी आर्थिक स्थिति तथा बेटे की दयनीय हालत के दृष्टिगत सहायता करें। 

Content Writer

Vijay