बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत पहुंचीं मनाली, आशियाने में करवाया पूजा-पाठ

Wednesday, Mar 14, 2018 - 09:01 PM (IST)

मनाली: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत अपने आशियाने की पूजा-पाठ को लेकर मनाली पहुंच गई हैं। कंगना ने मनाली के सिमसा में आशियाना बनाया है। साथ में उनके माता-पिता व कुल पुरोहित भी हैं। बुधवार को उन्होंने अपने आशियाने में हवन करवाया। हालांकि कंगना ने नवरात्रों के दिनों में हवन पाठ करने की योजना बनाई थी लेकिन समय और शूटिंग में व्यस्तता के कारण कार्यक्रम में फेरबदल करना पड़ा। कंगना का आशियाना पिछले साल ही बन कर तैयार हो गया था। जनवरी महीने में कंगना सुकून के पल बिताने मनाली आईं थीं और 6 से 12 जनवरी तक यहीं पर रुकी थीं।

2 दिन बाद वापस लौट जाएंगी मुम्बई
मनाली में आशियाना बनाने से पहले कंगना इंगलैंड में घर बनाकर रही थीं लेकिन पर्यटन नगरी की सुंदरता से प्रभावित होकर उन्होंने यहीं बसने का निर्णय लिया। सिमसा के शालू कंचन ने बताया कि कंगना के गांव पहुंचने पर ग्रामीण खुश हैं। कंगना के पिता अमनदीप रणौत ने बताया कि कंगना एक सप्ताह के लिए घर आई है, हवन व पूजा-पाठ की तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थीं। कंगना एक दिन बलदवाड़ा में रहीं जबकि मंगलवार रात को मनाली पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वह 2 दिन मनाली में रुकने के बाद मुम्बई वापस लौट जाएंगी।