आश्रय शर्मा के चुनाव प्रचार में उतरे Bollywood Actor आयुष शर्मा, कार्यकर्ताओं संग डाली नाटी

Friday, Apr 26, 2019 - 08:13 PM (IST)

कुल्लू (दिलीप): मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा के प्रचार में उनके छोटे भाई और बालीवुड अभिनेता आयुष शर्मा में मैदान में उतर गए हैं। शुक्रवार को आश्रय शर्मा चुनाव प्रचार के लिए कुल्लू जिला के बंजार विधानसभा क्षेत्र के बजौरा में पहुंचे। इस मौके पर आयुष शर्मा के अलावा प्रदेश कांग्रेस महासचिव रघुबीर बाली, बंजार से पूर्व प्रत्याशी आदित्य विक्रम सिंह भी उनके साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर नाटी भी डाली।

सांसद रामस्वरूप की 5 साल में एक भी उपलब्धि नहीं

इस मौके पर मंडी के सांसद रामस्वरूप शर्मा पर जोरदार प्रहार करते हुए आश्रय शर्मा ने कहा कि 5 साल में उनकी एक भी उपलब्धि नहीं है। अब जब चुनावी बेला आ गई है और लोग उनसे उनके कामों का हिसाब मांग रहे हैं तो वह सी.एम. के नाम पर और पी.एम. के नाम पर वोट मांग रहे हैं। जब मुख्यमंत्री से सांसद की कारगुजारियों का रिपोर्ट कार्ड मांगा जाता है तो वह भी कहने लगते हंै कि चुनाव तो मोदी के नाम पर है। उन्होंने कहा कि जिस तरह मुख्यमंत्री सांसद की नाकामियों पर पर्दा डाल रहे हैं वह बताएं कि क्या वह मुख्यमंत्री का पद त्याग कर सांसद का कत्र्तव्य निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता बुद्धिमान है तथा अब वह भाजपा के झांसे में आने वाली नहीं है। हिमाचल की चारों सीटों पर कांग्रेस प्रचंड बहुमत से जीत हासिल कर सरकार बनाएगी।

वीरभद्र सिंह के योगदान को नहीं भुला सकती जनता

उन्होंने कहा कि हिमाचल के विकास में जो योगदान विकास के मसीहा एवं 6 बार के मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह का रहा है उसे जनता आजीवन नहीं भुला सकती। जब भी हिमाचल का इतिहास लिखा जाएगा पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र का हर कार्याकाल स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह पूर्व संचार मंत्री सुखराम ने देश में संचार मंत्री के तौर पर संचार क्रांति लाई उसकी बदौलत ही आज हर जेब में फोन की घंटियां बज रही हैं। जब वह देश के रक्षा मंत्री बने तो उन्होंने हिमाचल में 6 सेना भर्ती कार्यालय खोले, जिसके कारण आज हजारों युवाओं को देश की सेवा करने का मौका मिल रहा है।

विकास करना कांग्रेस का एकमात्र ध्येय

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सदा ही एक ध्येय रहा है और वह है विकास और केवल विकास जबकि भाजपा दहशत का माहौल बनाकर देश में अस्थिरता पैदा कर रही है। उन्होंने जनता का आह्वान किया है कि वह देश की अखंडता व गरिमा को बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी को अपना मत दे ताकि जो विकास के काम मंडी संसदीय क्षेत्र में ठप्प पड़े है उन्हें गति दी जा सके। इस मौके पर दुष्यंत ठाकुर, राम सिंह, बुद्धि सिंह, दिला राम, संगत राम, शिवानी चैहान, कृष्णा देवी, अर्जुन सिंह, देवकला, इंद्र कुमार, खेम चंद व भाग चंद सहित अनेक वारिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Vijay