बॉलीवुड की मशहूर सिंगर बनी मंडी की बहू, ऐसे निभाई गईं शादी की रस्में

Sunday, Oct 01, 2017 - 10:18 PM (IST)

मंडी: पाश्र्व गायिका अर्शप्रीत कौर की शादी रविवार को ऐतिहासिक सेरी मंच पर संपन्न हुई। सैंकड़ों मंडीवासियों की मौजूदगी में सुरों की इस मल्लिका की शादी मंडी के गबरू गायक अरिन अरोड़ा के साथ हुई। नामधारी संगत की ओर से सादे समारोह में करवाई गई इस शादी की सारी रस्में महिलाओं द्वारा पूरी की गईं। मंडी शहर के इतिहास की यह पहली घटना है जब सार्वजनिक रूप से किसी शादी की रस्में ग्रंथियों की बजाय महिलाओं द्वारा की गईं। शादी के मंडप में फेरों की रस्म और अन्य कारज महिलाओं ने करवाए जिन्हें इसके लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है। 

विनम्रता और सादगी सिख का गहना
इस मौके पर नामधारी संगत के सतगुरु दलीप सिंह ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद देते हुए कहा कि रंग-बिरंगे माहौल में हुई यह शादी मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि विनम्रता और सादगी सिख का गहना है और शादी में फिजूल खर्च से बचना चाहिए। कम से कम खर्च कर बचत कर राशि को गरीबों के कल्याण व अन्य समाजसेवी कार्यों में खर्च करना चाहिए। उन्होंने सभी से सारे मतभेद भुलाकर एकता में रहने का आह्वान दिया, वहीं भारत माता का गौरव लौटाने के लिए स्वदेशी को अपनाना चाहिए। नामधारी पंथ के सतगुरु राम सिंह ने भी इस दिशा में प्रयास किए थे।

हवन-यज्ञ कर नामधारी समुदाय की महिलाओं ने रचा इतिहास
गऊ रक्षा एवं अखंड भारत की उन्नति के लिए नामधारी संगत की ओर से रविवार को ऐतिहासिक सेरी मंच पर हवन-यज्ञ, चंडी दी वार व आनंद कारज का आयोजन किया गया। मंडी के इतिहास में यह पहली घटना है जब महिलाओं ने हवन-यज्ञ और चंडी दी वार का पाठ करने के अलावा आनंद कारज यानी विवाह करवाने की रस्म की अदायगी की।