गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 2 घंटे की मशक्कत के बाद गाड़ी से निकाला चालक

Saturday, Jan 04, 2020 - 12:19 PM (IST)

 

तुनुहट्टी (ब्यूरो): पठानकोट-चम्बा नैशनल हाईवे पर केरू पहाड़ के पास शुक्रवार सुबह एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में चालक को गहरी चोट आई हैं। पंजाब नंबर की बोलेरो गाड़ी के चालक गजेन्द्र सिंह (42) पुत्र अमर देव गांव उलियानू डाकघर लूड्ड तहसील व जिला चम्बा शुक्रवार सुबह जालंधर से चम्बा जाते समय जब केरू पहाड़ नामक स्थान पर पहुंचा तो एक खतरनाक मोड़ को काटते समय चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों द्वारा गाड़ी गिरने की आवाज सुनने पर लोग घटना स्थल पर पहुंचे।

घटना स्थल पर पाया कि चालक गाड़ी के अंदर बुरी तरह से फंसा हुआ है। पुलिस द्वारा 108 और दमकल विभाग को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। स्थानीय लोगों और पुलिस दल की 2 घंटे की मशक्कत के बाद चालक को गाड़ी से बाहर निकाला गया। उसके बाद चालक को स्टे्रचर में डालकर खाई से बाहर निकाल कर एम्बुलैंस तक पहुंचाया गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए डल्हौजी अस्पताल लाया गया। पुलिस द्वारा घटना स्थल का जायजा लिया गया और पाया कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ है। इस पर चालक के खिलाफ थाना चुवाड़ी में मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया।
 

kirti