Home Secretary के आदेश पर BMO घुमारवीं Suspend, पढ़ें क्या है मामला

Friday, Jun 14, 2019 - 09:16 PM (IST)

घुमारवीं: बी.एम.ओ. घुमारवीं डॉ. ए.के. सिंह को शुक्रवार को सस्पैंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई होम सैके्रटरी द्वारा खंड चिकित्सा कार्यालय घुमारवीं में कार्यरत ब्लॉक अकाऊंटैंट अरविंद शर्मा की शिकायत पर की गई है। ब्लॉक अकाऊंटैंट ने बी.एम.ओ. घुमारवीं डॅा. ए.के. सिंह पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इस मामले की शिकायत उसने सी.एम.ओ. बिलासपुर को की थी। इस शिकायत की प्रतिलिपियां अरविंद शर्मा ने मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश, स्वास्थ्य मंत्री, होम सैक्रेटरी, निदेशक स्वास्थ्य विभाग को प्रेषित की थीं।

सी.एम.ओ. कार्यालय में बुलाई बैठक में बी.एम.ओ. ने की बेइज्जती

अरविंद शर्मा का आरोप है कि बी.एम.ओ. घुमारवीं उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रहा है तथा उसके साथ अभद्र व्यवहार किया जा रहा है। उसका कहना है कि वह एन.एच.एम. के तहत 2007 से अपनी सेवाएं दे रहा है तथा अपने कार्य को बखूबी कर रहा है लेकिन 13 जून को सी.एम.ओ. कार्यालय में बुलाई गई बैठक में बी.एम.ओ. घुमारवीं ने उसकी बेइज्जती की। उसने बी.एम.ओ. के खिलाफ  अभद्र भाषा प्रयोग करने का भी आरोप लगाया है। यह भी आरोप लगाया गया है कि वह उसे नौकरी से बर्खास्त करवा देगा।

7 माह से नहीं दी जा रही थी चिकित्सकों को प्रोत्साहन राशि

इस मामले में डॉ. ए.के.सिंह का कहना है कि ब्लॉक कार्यालय में कार्यरत अकाऊंटैंट अरविंद शर्मा अपना कार्य सही ढंग से नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यालय के तहत 6 डॉक्टर अनुबंध पर पी.एच.सी. बपयाड़, सुसनाल, बड्डू साहनी, लैहड़ी सरेल तथा सी.एच.सी. कुठेड़ा में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिन्हें प्रदेश सरकार की तरफ  से मिलने वाले मासिक वेतन के अलावा 10 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। अप्रैल, 2019 से प्रदेश सरकार ने इन चिकित्सकों की प्रोत्साहन राशि को 20 हजार रुपए कर दिया है लेकिन बीते 7 माह से इन्हें प्रोत्साहन राशि नहीं दी जा रही है। इस बारे में जब उन्होंने ब्लॉक अकाऊंटैंट अरविंद शर्मा से पूछा तो उसने कहा कि पर्याप्त धनराशि न होने के चलते ये बिल तैयार नहीं हो पा रहे हैं। जब उन्होंने अरविंद शर्मा को यह कहा कि यदि पर्याप्त धनराशि नहीं है तो आपका मासिक वेतन कहां से निकल रहा है। उन्होंने बताया कि अरविंद शर्मा भी अनुबंध पर ही कार्यरत है।

ब्लॉक अकाऊंटैंट के खिलाफ नहीं किया अभद्र भाषा का प्रयोग

उन्होंने कहा कि ब्लॉक अकाऊंटैंट अरविंद शर्मा के खिलाफ  उन्होंने कभी भी अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया और न ही मानसिक रूप से प्रताडि़त किया। उन्होंने बताया कि उनके अधीन कार्य कर रहे कर्मचारियों से काम लेना उनका अधिकार क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं। उधर, इस बारे में सी.एम.ओ. बिलासपुर प्रकाश चंद दड़ोच ने बताया कि बी.एम.ओ. घुमारवीं को सस्पैंड कर दिया गया है।

Vijay