जब मकान के अंदर तेंदुए के शावक को देख उड़े लोगों के होश

Friday, Oct 16, 2020 - 08:19 PM (IST)

बिझड़ी (रामपाल): उपमंडल बड़सर की ग्राम पंचायत बल्ह बिहाल के अगमीं गांव में तेंदुए की दहाड़ से हड़कंप मच गया। जब आवाज की तरफ  ग्रामीणों ने ध्यान दिया तो यह आवाज एक खाली मकान से आती सुनाई दी। मकान मालिक संजय कुमार ने जब पास जाकर देखा तो वहां एक तेंदुए का शावक दहाड़ रहा था। तेंदुए की मौजूदगी की सूचना जंगल में आग की तरह फैली तथा वहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों को इस बारे सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंच चुके थे लेकिन 2 घंटे बीत जाने के बाद भी तेंदुए को विभाग अपने कब्जे में नहीं ले पाया था। वन परिक्षेत्राधिकारी बिझड़ी अंकुश ठाकुर के अनुसार विभागीय कर्मी मौके पर पहुंच गए हैं लेकिन छोटे तेंदुए को पकडऩे के लिए पिंजरे की व्यवस्था नहीं है। वाइल्ड लाइफ  को सूचित किया गया है। तेंदुए को पकड़कर गोपालपुर भेजने की व्यवस्था की जा रही है।

Vijay