जमीनी विवाद को लेकर 2 गुटों में खूनी झड़प, 7 घायल

Tuesday, Jul 17, 2018 - 10:54 PM (IST)

पांवटा साहिब: गिरिपार क्षेत्र के गुरुवाला में जमीनी विवाद को लेकर 2 गुटों में खूनी झड़प हो गई, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में भर्ती किया गया है। सूचना मिलते ही सिंघपुरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई तथा छानबीन में जुट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार भंगानी पंचायत के गुरुवाला में एक परिवार अपने मकान का निर्माण कार्य करवा रहा था। जिस समय मकान की छत पर टीन की चादरें डाली जा रही थीं तभी पड़ोसी महिलाओं सहित करीब 15 लोग वहां पर पहुंचे और मकान की छत गिरा दी तथा लोहे की रॉडों से उक्त परिवार पर हमला कर दिया।


हमले के दौरान ये हुए घायल
हमले के दौरान जोगी राम पुत्र हरिया राम, सुदेश कुमार पुत्र जोगी राम, कर्म चंद पुत्र दात्ता राम, सुलोचना पत्नी जोगी राम, कश्मीरी देवी पत्नी रामकिशन व लक्ष्मी पत्नी सुरेश कुमार घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है। पांवटा साहिब के डी.एस.पी. प्रमोद चौहान ने बताया कि गुरुवाला में 2 गुटों के बीच झड़प होने से करीब 7 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Vijay