रिज पर निकली Blind Walk, स्वास्थ्य मंत्री ने आंखों पर पट्टी बांधकर दिया ये संदेश (Video)

Sunday, Oct 07, 2018 - 10:32 AM (IST)

शिमला: अंधेरे में जीवन जी रहे दृष्टिबाधितों को रोशनी देने के लिए शनिवार को रिज मैदान पर ब्लाइंड वॉक का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने स्वयं आंखों पर पट्टी बांधकर आंखें दान करने का संदेश दिया। इस रैली का आयोजन डायलॉग हाईवे चंडीगढ़ और रूट वैजिटेबल्ज व फ्लावर ग्रोअर्ज एसोसिएशन ने किया। स्वास्थ्य मंत्री ने आयोजकों की सराहना करते हुए लोगों से नेत्रदान का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नेत्रदान से किसी के जीवन में नई रोशनी आ सकती है। नेत्रदान को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा दक्ष प्रयास किए जा रहे हैं।

हिमाचल में 4 आई डोनेशन कलैक्शन सैंटर शुरू
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आई.जी.एम.सी. शिमला, आर.पी.एम.सी. टांडा, रैफरल अस्पताल धर्मशाला और नाहन में 4 आई डोनेशन कलैक्शन सैंटर आरंभ किए गए हैं ताकि नेत्रदान के बाद उन्हें जरूरतमंद लोगों के लिए आई बैंक में भेजा जा सके। यह मृत्यु के पश्चात भी किया जाने वाला परम सेवार्थ कार्य है। प्रदेश में अभी तक लगभग 1000 लोगों ने नेत्रदान के लिए प्रपत्र भरे हैं। उन्होंने कहा कि दृष्टिबाधित व समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए सरकार दृढ़ प्रयास कर रही है। सभी का यह दायित्व है कि समाज के हर अंग और हर वर्ग के विकास और सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहें।

पूरे प्रदेश में होगी ब्लाइंड वॉक
वहीं मुख्य सचेतक हिमाचल प्रदेश विधानसभा नरेंद्र बरागटा ने कहा कि दिव्यांगजन के जीवन से सभी को आगे बढऩे की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने इस आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि शिमला दृष्टिबाधित वॉक को पूरे प्रदेश में वॉक करने के प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान नगर निगम महापौर कुसुम सदरेट, उपमहापौर राकेश शर्मा, पार्षद किम्मी सूद, चेयरमैन कैलाश फैडरेशन रवि मेहता, भाजपा नेता डा. बिक्रम सिंह बांशटू, चेतन बरागटा कृषि विशेषज्ञ एवं स्वयंसेवी, देवेंद्र शर्मा, हरीश चौहान, मिशन निदेशक एन.एच.एम. मनमोहन शर्मा और सी.एम.ओ. डा. नीरज मित्तल सहित विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Vijay