दर्दनाक हादसा : PACL फैक्टरी में जबरदस्त धमाका, एक की मौत-एक घायल

Tuesday, May 15, 2018 - 06:31 PM (IST)

नंगल: पंजाब सरकार की औद्योगिक इकाई पी.ए.सी.एल. नया नंगल में मंगलवार दोपहर को अचानक धमाका होने से फैक्टरी के अंदर अफरा-तफरी मच गई और सायरन बजते ही कर्मचारी इधर-उधर भागने लगे। फैक्टरी के अंदर हुए इस धमाके में एक कर्मचारी की मौत हो गई जबकि एक जख्मी हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और सिविल प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और सारी स्थिति का जायजा लिया। इस संबंध में पी.ए.सी.एल. इकाई के डी.जी.एम. इंचार्ज जे.एस. वालिया, डी.जी.एम. पर्सनल रविन्द्र सिंह जसवाल तथा ए.जी.एम. सेफ्टी रजनीश कुमार ने प्रैस वार्ता के दौरान बताया कि  मंगलवार दोपहर करीब 12.40 पर मैकेनिकल के वरिष्ठ कर्मचारी राजिन्द्र कुमार क्लोरीन फीलिंग प्लांट कंसर्टेशन वाटर टैंक में बैल्डिंग का कार्य कर रहे थे और उनके साथ एक नया कर्मचारी अजय कुमार भी मौजूद था।


गर्म पानी सप्लाई करने वाली पाइप में हुआ धमाका
इस दौरान अचानक पाइप फटने से बड़ा धमाका हो गया और प्लांट में धुआं ही धुआं उठने लगा। रजिन्द्र कुमार बलास्ट की चपेट में आ गया और काफी दूर जा गिरा। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल अजय कुमार को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने कहा कि जिस पाइप में बलास्ट हुआ है, उस पाइप में गर्म पानी सप्लाई होता था। हादसे की जांच की जा रही है कि उस जगह धमाका कैसे हुआ। 


मृतक कर्मचारी के परिजनों को हरसंभव सहायता देगी कंपनी
उन्होंने कहा कि मृतक कर्मचारी के परिजनों और घायल कर्मचारी को फैक्टरी की ओर से हरसंभव सहायता दी जाएगी। मृतक रजिन्द्र कुमार पंजाब के साथ लगते भटौली गांव का रहने वाला है और अभी पी.ए.सी.एल. के क्वार्टर में रहता था। इस संबंध में नंगल थाने के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर सन्नी खन्ना ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सारी स्थिति का जायजा ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी।

Vijay