उद्योग की भट्ठी में विस्फोट, 4 श्रमिक घायल

Saturday, May 04, 2019 - 06:05 PM (IST)

परवाणु: शहर के सैक्टर 2 स्थित टैफे मोटर एंड टेक्टर लिमिटेड नामक उद्योग में भट्ठी की मैंटीनैंस के दौरान ट्रायल लेते अचानक ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आने से फैक्टरी के 4 श्रमिक घायल हो गए। इनमें से एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार उद्योग में श्रमिक अंकित पुत्र रमेश चंद्र निवासी सैक्टर 56 चंडीगढ़, नरेंद्र (55) पुत्र मेहर सिंह निवासी दुर्गा कालोनी कालका हरियाणा, महिपाल दुर्गा कालोनी कालका हरियाणा व ठेकेदार के पास कार्यरत जितेंद्र (19) पुत्र मदन राम निवासी टकसाल परवाणु रूटीन कार्य के तहत भट्ठी की मुरम्मत कर उसका ट्रायल ले रहे थे।

इसी दौरान अचानक भट्ठी में ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट के दौरान चारों श्रमिक झुलस गए। इस पर उद्योग के अन्य श्रमिकों ने घायल श्रमिकों को एम्बुलैंस के माध्यम से ई.एस.आई. अस्पताल पहुंचाया, जहां पर घायल जितेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है। डी.एस.पी. परवाणु योगेश रोल्टा ने कहा कि पुलिस कर्मचारी अस्पताल में गए थे। मामले की जांच आरंभ कर दी गई है।

Vijay