बीके अग्रवाल के नए मुख्य सचिव का कार्यभार संभालते ही प्रशासनिक फेरबदल, जानिए कौन-कहां शिफ्ट

Tuesday, Oct 02, 2018 - 10:39 AM (IST)

शिमला (कुलदीप): बी.के. अग्रवाल के नए मुख्य सचिव के तौर पर पदभार संभालने के बाद उच्च स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इसके तहत 6 वरिष्ठ आई.ए.एस. अधिकारियों के विभाग बदले गए हैं तो आई.पी.एस. अधिकारी संजय कुंडू को विजीलैंस के प्रधान सचिव का अहम दायित्व सौंपा गया है। सरकार की तरफ से सोमवार देर शाम जारी तबादला आदेशों के तहत अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी के पास अब सूचना एवं जन संपर्क के अलावा हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड लिमिटेड के अध्यक्ष पद का दायित्व भी सौंपा गया है। 

अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन और शहरी विकास राम सुभग सिंह को अब पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन के साथ वन विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। प्रधान सचिव आयुर्वेद, सहकारिता और पशुपालन के साथ जन शिकायत निवारण का काम देख रहे संजय गुप्ता को वित्तायुक्त अपील का अतिरिक्त जिम्मा सौंपा गया है। वह निशा सिंह, राम सुभग सिंह और अनिल खाची को वित्तायुक्त अपील के कार्यभार से मुक्त करेंगे। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे मनोज कुमार को प्रधान सचिव गृह के साथ उद्योग एवं तकनीकी शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रधान सचिव उद्योग, तकनीकी शिक्षा एवं बागवानी आर.डी. धीमान को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के अलावा कार्मिक, ट्रेनिंग, एफ.ए., बागवानी, पर्यावरण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के अलावा हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।

प्रधान सचिव कार्मिक, टी.सी.पी., हाऊसिंग, ट्रेनिंग एंड फोरन असाइनमैंट प्रबोध सक्सैना को ऊर्जा के अलावा शहरी विकास, टी.सी.सी. व आवास के अलावा चेयरमैन एच.पी. अपीलैट सैल टैक्स ट्रिब्यूनल धर्मशाला का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। मुख्यमंत्री के करीबी माने जाने वाले आई.पी.एस. अधिकारी संजय कुंडू को प्रधान सचिव सतर्कता (विजीलैंस) का अहम कार्यभार सौंपा गया है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवा के निजी सचिव अनूप कुमार थापा को वरिष्ठ निजी सचिव के पद पर पदोन्नत किया गया है। इसी तरह स्थानीय लेखा विभाग (एल.ए.डी.) में संयुक्त निदेशक सुशील कुमार आंगरा को अतिरिक्त निदेशक के पद पर पदोन्नति दी गई है। इसके अलावा राजस्व विभाग में पदोन्नति के बाद सुरेश कुमार को तहसीलदार कुपवी के पद पर तैनाती दी गई है। 

Ekta