भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने NH किया जाम, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की

Tuesday, Aug 08, 2017 - 11:53 PM (IST)

पालमपुर: पालमपुर में आक्रोश रैली के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हो गई। रोष रैली के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा पुलिस प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भारी पुलिस व्यवस्था के बीच भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौक के समीप एकाएक मुख्यमंत्री का पुतला फूंका जिसके पश्चात उन्होंने पुलिस थाना के बाहर राष्ट्रीय उच्चमार्ग जाम कर दिया। यहां भी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। इस दौरान किसी बात को लेकर पुलिस व भाजयुमो कार्यकर्ताओं के मध्य धक्का-मुक्की हो गई जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वहीं जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यद्यपि भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने 2 बार एंबुलैंस को जाने के लिए रास्ता भी दिया परंतु कुछ लोग लंबे समय तक सड़क मार्ग बाधित रहने के कारण युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं से बहस करते भी दिखे।



वीरभद्र सिंह जल्द तिहाड़ जेल में होंगे
इस दौरान भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विशाल चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान कि वह भाजपा की 60 सीटें आने पर हिमाचल छोड़ देंगे सच होने जा रहा है तथा शीघ्र ही मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर तिहाड़ जेल में होंगे। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से बिगड़ गई है तथा गुडिय़ा प्रकरण, वन रक्षक की मौत तथा कई अन्य मामले पिछले कुछ समय में सामने आए हैं, वहीं के.सी.सी. बैंक में अपने चहेतों को नौकरी दी जा रही है तो नौकरियों की बिक्री की जा रही है। 



विश्वास खो चुकी प्रदेश सरकार
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता में अपना विश्वास खो चुकी है तथा जनता प्रदेश सरकार के विरुद्ध सड़कों पर उतरकर अपना रोष जताने पर विवश है। उन्होंने कहा कि नौकरियों की खुली बोली सरकार लगा रही है जबकि प्रदेश सचिवालय अनाथालय बनकर रह गया है।