भाजपा युवा मोर्चा ने जड़ा आरोप, कहा-चिट्टे के साथ गिरफ्तार युवक है युकां महासचिव

Friday, Aug 10, 2018 - 07:58 PM (IST)

सोलन (नरेश): युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भरत साहनी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकाल में प्रदेश में नशे के तस्करों को संरक्षण मिला है। यही कारण रहा कि प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में नशा माफिया जड़ें जमाने में कामयाब रहा। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि इसका सबसे बड़ा सबूत यह है कि कुछ दिन पहले धर्मपुर में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 3 युवकों में से एक युवक प्रदेश युवा कांग्रेस का महासचिव है। उन्होंने कहा कि युवा कांगे्रस के महासचिव की चिट्टे के साथ गिरफ्तारी इस बात को साबित करती है कि पिछली सरकार के नेताओं को इनका संरक्षण प्राप्त था। जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तब से पुलिस अधिकारियों को स्वतंत्र रूप से कार्य करने दिया जा रहा है। इसका नतीजा यह है कि पुलिस एक के बाद एक नशीले पदार्थों की तस्करी करने में लगे लोगों को सलाखों के पीछे पहुंचा रही है।

क्या बोले युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष
युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष मनीष ठाकुर ने भाजयुमो से सवाल किया कि वह स्पष्ट करे कि शिमला के युग हत्याकांड में एक आरोपी किस पार्टी का है। उन्होंने कहा कि इस कांड में पकड़ा गया एक आरोपी ए.बी.वी.पी. का कार्यकर्ता रहा है। युवा कांग्रेस ऐसे किसी भी व्यक्ति के साथ नहीं है जो गलत कार्य में संलिप्त हो। भाजपा युवा कांगे्रस को बदनाम करने की साजिश रच रही है। जिस व्यक्ति को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया है, उसका युवा कांग्रेस से कोई लेना-देना नहीं है। मार्च माह में उसे युवा कांग्रेस से पदमुक्त कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस नशा तस्करों के खिलाफ है और ऐसे लोगों को कड़ी सजा व कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग करती है।

Vijay