भाजयुमो ने DC कार्यालय में जड़ा ताला, तमाशबीन बनी रही पुलिस

Wednesday, Aug 09, 2017 - 11:16 PM (IST)

बिलासपुर: भाजयुमो बिलासपुर द्वारा आयोजित आक्रोश रैली उस समय कुछ ज्यादा ही आक्रोशित हो गई, जब डी.सी. बिलासपुर की गैर-मौजूदगी में युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने न केवल उनके कार्यालय की कुर्सी के सामने अपना ज्ञापन रखा बल्कि इस दौरान कुछ कार्यकर्ता कुर्सियों पर भी चढ़ गए। इसके बाद भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा व भाजयुमो के जिलाध्यक्ष विकास राव की मौजूदगी में डी.सी. कार्यालय के दरवाजे पर ताला भी जड़ दिया।



कार्यकर्ताओं की भीड़ ज्यादा होने के कारण वहां मौजूद पुलिस चौकी के ए.एस.आई. भी कुछ नहीं कर पाए। हालांकि वहां ए.सी. टू डी.सी. व ए.डी.एम. भी अपने कार्यालयों में मौजूद थे लेकिन कार्यकर्ता डी.सी. को ज्ञापन देने की मांग पर अड़े रहे तथा डी.सी. कार्यालय में चले गए। 



डी.सी. कार्यालय तक निकाली रैली 
ज्ञापन में भाजयुमो ने मुख्यमंत्री से प्रदेश की निरंतर बिगड़ती कानून व्यवस्था को सुधारने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाने व भाजपा द्वारा गत 24 दिसम्बर को महामहिम राज्यपाल को दी गई चार्जशीट के आधार पर तथ्यों सहित लगाए गए आरोपों की जांच तुरंत करवाने की मांग की है। इससे पहले भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लक्ष्मीनारायण मंदिर से लेकर डी.सी. कार्यालय तक रैली निकाली तथा इस दौरान मुख्यमंत्री व सदर विधायक के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने डी.सी. कार्यालय के प्रांगण में स्थित पार्क में धरना भी दिया। इस दौरान विधायक रिखी राम कौंडल, जिला भाजपाध्यक्ष राकेश गौतम, राजेंद्र गर्ग, प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विक्रम शर्मा, नवीन शर्मा व सुभाष शर्मा, जिला भाजपा महामंत्री भीम चंदेल व राम कुमार शर्मा तथा पूर्व भाजपाध्यक्ष दौलत सिंह ठाकुर सहित कई भाजयुमो पदाधिकारी भी मौजूद रहे। 



ए.डी.एम. की मौजूदगी में तोड़ा ताला
भाजयुमो द्वारा डी.सी. कार्यालय पर लगाए गए ताले की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा ए.डी.एम. बिलासपुर की मौजूदगी में पुलिस द्वारा तोड़े गए ताले और उसके बाद डी.सी. कार्यालय में हुई कथित तोडफ़ोड़ की वीडियोग्राफी की गई। पुलिस ने अपनी तफतीश के दौरान जहां अधिकांश कुर्सियों पर जूतों के निशान पाए, वहीं डी.सी. कार्यालय के बाहर के दरवाजे के ऊपर लगा लॉक भी टूटा पाया। इस आधार पर पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस डी.सी. कार्यालय में लगे सी.सी.टी.वी. की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि असलियत सामने आ सके। इस दौरान एस.डी.एम. सदर डा. हरीश गज्जू व सदर पुलिस थाना के प्रभारी योगराज सहित कई अधिकारी भी मौजूद रहे।