कांग्रेस को झटका, 18 साल बाद नप बद्दी के उपाध्यक्ष पद पर BJP का कब्जा

Tuesday, Nov 06, 2018 - 09:14 PM (IST)

बी.बी.एन.: नगर परिषद बद्दी के उपाध्यक्ष पद पर भाजपा ने बाजी मार ली है। भाजपा समर्थित सुषमा देवी को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुना गया है। दून के विधायक परमजीत पम्मी व जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सैणी की अगुवाई में नगर परिषद में करीब 18 साल के इतिहास में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है। अब भाजपा की नजर अध्यक्ष पद पर है। वर्तमान में अध्यक्ष कांग्रेस समर्थित है। गौर रहे कि नप उपाध्यक्ष द्वारा त्याग पत्र देने के बाद यह पद खाली हुआ था। सोमवार को भी उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव रखा गया था लेकिन एक भी पार्षद बैठक में नहीं आया था।

एस.डी.एम. की अध्यक्षता में हुआ चुनाव
मंगलवार को एस.डी.एम. प्रशांत देष्टा की अध्यक्षता में चुनाव हुआ, जिसमें सभी पार्षदों ने भाग लिया। इस दौरान एक तरफ 5 तो दूसरी तरफ 4 पार्षद थे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान भाजपा समर्थित पार्षदों में से पार्षद सुषमा देवी ने नामांकन भरा और उनके समर्थन में उनके सहित 5 पार्षद थे। कांग्रेस के समर्थित 4 ही पार्षद थे और किसी भी पार्षद ने नामांकन नहीं भरा। एक ही नामांकन पत्र होने पर एस.डी.एम. ने सुषमा देवी को उपाध्यक्ष निर्वाचित कर दिया। बैठक में अध्यक्ष मदन चौधरी, पार्षद नरेंद्र कुमार दिप्पा, संदीप सचदेवा, सुषमा देवी, माया देवी, निर्मला ठाकुर, बंत सिंह, मोनिका कौशल व सतबीर कौर आदि मौजूद थे।

भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने निकाली विजय रैली
इसके बाद नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष सुषमा देवी, पार्षदों, भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने विजयी रैली निकाली, जिसमें जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सैणी, दून के विधायक परमजीत पम्मी, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं नालागढ़ के पूर्व विधायक के.एल. ठाकुर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डा. श्रीकांत शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डी.आर. चंदेल, भाजपा मंडलाध्यक्ष बलवीर ठाकुर, जोगिंद्रा बैंक के निदेशक संजीव कौशल व हिंद मजदूर सभा के प्रदेशाध्यक्ष मेला राम चंदेल सहित भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

Vijay